बारां के भंवरगढ़ के पास नेशनल हाईवे-27 पर एक कार गाय से टकराकर गड्ढे में गिर गई। इस हादसे में भंवरगढ़ के बिजली प्लांट मैनेजर देवेंद्र शर्मा और कार ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, गाय की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना मंगलवार दोपहर बाद हुई, जब बारां से आ रही तेज रफ्तार कार के सामने अचानक गाय आ गई। गाय को बचाने की कोशिश में कार बेकाबू होकर सड़क किनारे स्ट्रीट लाइटों के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में जा गिरी। हाईव किनारे खोदे गए गड्ढे में गिरी कार प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि कार के एयरबैग खुल गए, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस से दोनों घायलों को जिला अस्पताल बारां भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाईवे किनारे स्ट्रीट लाइटों के लिए जगह-जगह गहरे गड्ढे खोदे गए हैं। ये गड्ढे हादसों की वजह बन रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को बाहर निकलवाया और यातायात को सामान्य किया।