जयपुर की दीपावली इस बार 11 दिन तक रोशनी से जगमगाएगी। कमजोर ग्राहकी के बीच ग्राहकों को बाजारों की ओर आकर्षित करने के लिए व्यापारियों ने सामूहिक सजावट का समय और दायरा बढ़ाने का फैसला किया है। 1 नवंबर से परकोटे से लेकर एमआई रोड तक 70 से ज्यादा छोटे-बड़े बाजार आधुनिक थीम और रंग-बिरंगी रोशनी से सजेंगे। पांच बत्ती चौराहे पर हाई-लेजर लाइट आकर्षण का केंद्र होगी। दावा है कि इसकी रोशनी करीब 5 किमी दूर से दिखाई देगी। पहली बार भगवान दास रोड भी सामूहिक सजावट में शामिल होगा। राजमंदिर सिनेमा की अलग झलक देखने को मिलेगी। बाजारों की सजावट देखने हर साल देश-विदेश से हजारों पर्यटक आते हैं। एमआई रोड पर तीन किमी तक रोशनी, 5 बत्ती पर चार स्वागत द्वार एमआई रोड व्यापार मंडल की कार्यकारिणी बैठक में 11 दिन तक अलग-अलग रंगों की रोशनी से बाजार सजाने का निर्णय लिया गया। पहले करीब ढाई किलोमीटर क्षेत्र में सामूहिक सजावट होती थी, जिसे बढ़ाकर 3 किलोमीटर किया जाएगा। कुल छह स्वागत द्वार लगाने की योजना है। इनमें अजमेरी गेट पर एक, पांच बत्ती चौराहे पर चार और गवर्नमेंट हॉस्टल के पास एक द्वार बनेगा। व्यापार मंडल के महामंत्री सुरेश सैनी ने बताया कि भगवान दास रोड को पहली बार सजावट में शामिल किया जा रहा है। व्यापार मंडल मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सजावट का स्विच ऑन करवाने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय में निवेदन करेगा। नगर निगम ने 11 दिन की सजावट के लिए व्यापारियों को विशेष छूट भी दी है। बिना अनुमति गेट-होर्डिंग लगाने पर निगम की कार्रवाई बाजारों में सजावट की तैयारियों के बीच नगर निगम ने बिना अनुमति निजी कंपनियों की ओर से लगाए जा रहे गेट और होर्डिंग पर कार्रवाई शुरू कर दी है। ऐसे में व्यापारियों को आकर्षक सजावट के साथ अनुमति और तय नियमों का पालन भी सुनिश्चित करना होगा। सामूहिक सजावट के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन 4 साल में अस्थायी बिजली कनेक्शन करीब दोगुने, इस बार 125 की तैयारी सामूहिक सजावट का दायरा बढ़ने के साथ बिजली की जरूरत भी बढ़ रही है। व्यापारियों ने इस बार 125 अस्थायी कनेक्शन लेने की तैयारी की है। वर्ष 2023 में ऐसे 63 कनेक्शन लिए गए थे। अगले दो वर्षों में इनकी संख्या बढ़कर क्रमशः 95 और 110 हो गई। आधुनिक थीम, रंगीन रोशनी और आकर्षक प्रवेश द्वारों के जरिए व्यापारियों की कोशिश मंदी के बीच ग्राहकों को बाजारों तक लाने की है।