बारां जिले में निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा। इसमें अटरू, मांगरोल और छबड़ा नगरपालिका शामिल हैं। अटरू के 25 वार्डों में 103 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 53 निर्दलीय हैं। मांगरोल के 35 वार्डों में 126 उम्मीदवार हैं, जिनमें 55 निर्दलीय शामिल हैं। वहीं, छबड़ा नगरपालिका के 35 वार्डों में 115 उम्मीदवार हैं, जिनमें 27 निर्दलीय हैं। 95 पोलिंग बूथ बनाए गए तीनों निकायों के कुल 95 वार्डों के लिए 95 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें छबड़ा में 35, मांगरोल में 35 और अटरू में 25 बूथ हैं। इन बूथों पर कुल 62,728 मतदाता अपने वोट डालेंगे। इनमें 31,978 पुरुष, 30,749 महिला और एक ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। छबड़ा में 23,784 मतदाता हैं, जबकि मांगरोल में 19,787 और अटरू में 15,157 मतदाता हैं। चुनाव प्रचार का शोर बंद दूसरे चरण के चुनाव के लिए 48 घंटे की मौन अवधि लागू हो गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी भंवरलाल जनागल ने बताया कि 9 सितंबर की शाम 6 बजे से 11 सितंबर की शाम 6 बजे तक चुनाव प्रचार पर पूरी तरह रोक रहेगी। इस दौरान सभा, जुलूस, रोड शो और लाउडस्पीकर का इस्तेमाल बंद रहेगा। मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में प्रचार सामग्री बांटने, सोशल मीडिया पर प्रचार करने, एग्जिट पोल और ओपिनियन पोल छापने पर भी रोक रहेगी। इसके साथ ही, इस क्षेत्र में शराब की दुकानें और बार भी बंद रहेंगे। मतदान दलों की आज रवानगी बारां जिले में नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के मतदान की तैयारियां पूरी हो गई हैं। 11 सितंबर को होने वाले मतदान के लिए आज मतदान दल निर्धारित बूथों के लिए रवाना हो रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी व जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने बताया कि दूसरे चरण में नगरपालिका छबड़ा, मांगरोल और अटरू में चुनाव होने हैं। इसके लिए राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के भीतरी मैदान से मतदान दलों को रवाना किया जा रहा है। रवाना करने से पहले दलों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें मतदान दिवस की प्रक्रिया, नियमों और बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के बाद सभी दल मतदान सामग्री लेकर पुलिस जाब्ते के साथ निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार चेक पोस्ट पर एंट्री कराते हुए अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो रहे हैं।