बारां जिले में पंचायतीराज चुनावों की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए आरक्षण लॉटरी निकलने के बाद आज जिले की सभी 10 पंचायत समितियों में ग्राम पंचायत सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए आरक्षण की लॉटरी निकाली जा रही है। यह लॉटरी प्रक्रिया उपखंड अधिकारी कार्यालयों में सुबह 10 बजे से शुरू होगी और शाम तक सभी 10 पंचायत समितियों की लॉटरी पूरी होने के बाद यह स्थिति साफ हो जाएगी कि किस ग्राम पंचायत में सरपंच पद सामान्य रहेगा और कौन सा पद SC, ST, OBC या महिला वर्ग के लिए आरक्षित होगा। कल निकली थी जिला परिषद सदस्य, प्रधान, पंचायत समिति सदस्यों की आरक्षण लॉटरी इससे पहले बुधवार को जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय पर आरक्षण लॉटरी की प्रक्रिया पूरी हुई थी। इसमें जिला परिषद के 29 सदस्यों के पदों के लिए आरक्षण तय किया गया। इसके साथ ही 10 पंचायत समितियों के 10 प्रधान पदों और कुल 168 पंचायत समिति सदस्यों की सीटों के लिए भी आरक्षण की लॉटरी निकाली गई थी। पंचायतों के पुनर्गठन के बाद बारां जिले में ग्राम पंचायतों की संख्या बढ़कर 280 हो गई है। पहले जिले में 231 ग्राम पंचायतें थीं। पुनर्गठन के दौरान 51 नई पंचायतें बनीं और कुछ का विलय हुआ, जिसके बाद कुल 49 नई पंचायतें बढ़ी हैं। पंचायतों की संख्या बढ़ने से सरपंच और वार्ड पंचों के पदों में भी बढ़ोतरी हुई है। अब जिले में वार्ड पंचों की संख्या 2500 से ज्यादा हो गई है। इससे गांवों की सरकार में नए और युवा चेहरों को मौका मिलने की उम्मीद है। आज की लॉटरी प्रक्रिया शुरू होते ही ग्रामीण इलाकों में चुनावी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। संभावित उम्मीदवार अपने समीकरण बैठाने में लग गए हैं। आरक्षण की स्थिति साफ होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जल्द ही पंचायत चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है।