बारां शहर कोतवाली पुलिस ने नलका गांव से चोरी हुई एक ट्रॉली बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि नलका गांव के सत्यप्रकाश धाकड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी ट्रॉली 13 सितंबर की रात को मकान के पास से चोरी हो गई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। इसी दौरान बैंगना लिंक रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया। पुलिस ने उसमें सवार 2 लोगों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान दौलतराम उर्फ सोनू बैरवा निवासी बैरवा बस्ती, आजाद मोहल्ला टंकी के पास, करवाड़ थाना इटावा (कोटा) और रिंकू नागर निवासी नलका के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों से गहन पूछताछ की, जिसके बाद चोरी का खुलासा हुआ। फरियादी ने अपनी ट्रॉली की पहचान की, जिसके बाद पुलिस ने उसे बरामद कर लिया। वारदात में इस्तेमाल हुए ट्रैक्टर को भी सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।