बारां में राजस्थान शिक्षक संघ (अम्बेडकर) का 2 दिवसीय जिला स्तरीय शिक्षक सम्मेलन शनिवार को संपन्न हुआ। यह सम्मेलन अटरू रोड स्थित बैरवा छात्रावास में पूरा हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हेमराज मायथा ने की। कार्यक्रम की शुरुआत बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माला पहनाकर की गई। इस मौके पर डॉ. सतीश चंद लहरी, प्रधानाचार्य चंद्रशेखर जाटव, पूर्व जिलाध्यक्ष रामप्रसाद कोटड़ा और मदन जाजोरिया खास मेहमान के तौर पर मौजूद थे। खास मेहमान डॉ. लहरी ने कहा कि यह संगठन शिक्षक, शिक्षार्थी और शिक्षालय के हितों की रक्षा के लिए काम कर रहा है। साथ ही यह अंबेडकरवादी विचारों को शिक्षा में बढ़ावा देने पर भी जोर देता है। 2 दिन टीचर्स की समस्याओं पर हुई चर्चा पहले दिन बैरवा अधिकारी कर्मचारी विकास समिति के जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुमार बैरवा ने कई मांगें रखीं। इनमें थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादले जल्द शुरू करने, महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में खाली पदों को काउंसलिंग से भरने, लंबित डीपीसी पूरी करने, विद्या संबल योजना में आरक्षण लागू करने और शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कामों से मुक्त करने जैसी मांगें शामिल थीं। दूसरे दिन स्थानीय संघ सचिव महेंद्र बैरवा ने कर्तव्यनिष्ठा पर जोर देते हुए कविता सुनाई। प्रदेश प्रतिनिधि सत्यनारायण महावर भी इस दौरान मौजूद थे। सम्मेलन के आखिर में जिलाध्यक्ष ने सभी का धन्यवाद दिया।