बारां शहर के सर्राफा बाजार में गुरुवार को हुई लाखों रुपए के सोने के जेवर चोरी की घटना में तीसरे दिन भी पुलिस को आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही है। फुटेज में बाइक पर सवार 2 युवक दिखाई दे रहे हैं। पुलिस उनकी गतिविधियों और हुलिए के आधार पर पूछताछ कर रही है। डीएसपी रोहिताश देवंदा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अलग-अलग टीमों को संभावित जगहों पर भेजा गया है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। व्यापारी को बातों में उलझाकर ले गए थे गहने सर्राफा व्यापारी सुनील मराठा की शीतला चौक क्षेत्र स्थित दुकान पर गुरुवार सुबह बाइक सवार 2 लोग पहुंचे थे। दोनों ने सोने के टॉप्स खरीदने के बहाने व्यापारी को बातों में उलझाया और करीब 50 ग्राम सोने के टॉप्स से भरा एक बॉक्स और लगभग 34 ग्राम सोने के अन्य जेवर से भरी थैली चोरी कर ली। इस घटना के बाद सर्राफा व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों ने प्रमुख बाजारों में पुलिस गश्त व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की है। साथ ही संदिग्ध आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी किए गए सोने के जेवर बरामद करने की भी मांग की है।