बारां शहर की सड़कों पर आवारा मवेशियों का आतंक बढ़ गया है। ये मवेशी आए दिन सड़क हादसों का कारण बन रहे हैं और कई बार जाम भी लगा देते हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। कोटा रोड पर गोशाला होने के बावजूद पूरे शहर की मुख्य सड़कों पर मवेशी घूमते नजर आते हैं। मुख्य बाजार, शाहाबाद रोड, अस्पताल चौराहा, कोटा रोड और स्टेशन रोड पर स्थिति ज्यादा खराब है। रात के समय बढ़ जाती है परेशानी स्थानीय लोगों के मुताबिक, ये मवेशी अचानक राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों पर हमला कर देते हैं, जिससे वे घायल हो जाते हैं। रात के समय सड़कों पर बैठे मवेशियों से बड़े हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। शहरवासियों ने कई बार नगर परिषद को इस समस्या के बारे में बताया है, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। नगर परिषद मवेशियों को पकड़ने के लिए कोई अभियान नहीं चला रही है। लोगों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से जल्द मवेशियों को गोशाला भेजने की मांग की है, ताकि हादसों को रोका जा सके।