बारां के सुंदलक स्टेशन के पास रेलवे फाटक संख्या 34 आज 8 घंटे के लिए बंद है। फाटक पर ओवरहॉलिंग का काम होगा। यह फाटक सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहेगा। रेलवे के वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर ने बताया कि सुरक्षा के लिए फाटक पर यह काम जरूरी है। फाटक बंद रहने के दौरान वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक रास्ता तय किया गया है। वे बारां-मांगरोल बायपास रोड पर स्थित रेलवे फाटक संख्या 36 (नलका फाटक) से आ-जा सकेंगे। इस फाटक के पास रीको औद्योगिक क्षेत्र है, जिससे ट्रकों और दूसरे वाहनों की आवाजाही ज्यादा रहती है। इससे वाहन चालकों को आज दिनभर परेशानी हो सकती है और उन्हें लंबा घूमकर आना-जाना पड़ेगा। रेलवे प्रशासन ने चालकों से वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल करने और सहयोग करने की अपील की है।