प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक 'जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा' का आयोजन किया जा रहा है। इस यात्रा को लेकर बारां जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। यह यात्रा 26 से 29 सितंबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य सेवाभाव और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। भाजपा की बैठक में तैयारियों पर हुई चर्चा इसी सिलसिले में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, यात्रा प्रभारी हरीश शर्मा, जिला संयोजक मुकेश केरवालिया, प्रधान मोरपाल सुमन, भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता राहुल सिकरवार, भाजपा नेता बृजपाल सिकरवार और समरानिया मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र मेहता ने एक बैठक की। इसमें विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में कस्बाथाना से लेकर बारां तक यात्रा के मार्ग, अलग-अलग जगहों पर स्वागत और सेवा-सत्कार, यात्रियों के रात में रुकने की व्यवस्था, भोजन, पीने का पानी, आने-जाने की सुविधा, सुरक्षा और अन्य कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं पर बात की गई। हर जगह के लिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की गईं और जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर भुवनेश गोस्वामी, देवाशीष शर्मा, रितेश राठौर, पंकज गोयल, दिलीप बैरवा समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।