बारां में बारिश रुकने के बाद मौसम बदला है। आज सुबह से ही जिले के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। सुबह खेतों से लेकर नेशनल हाईवे तक हर जगह कोहरा था। हाईवे पर कम विजिबिलिटी के कारण गाड़ियों की रफ्तार धीमी हुई। चालकों को हेडलाइट जलाकर धीरे चलना पड़ा। यह कोहरा और ओस किसानों के लिए फायदेमंद है। खेतों में खड़ी फसलों पर सुबह ओस की बूंदें दिखीं। कृषि जानकारों के मुताबिक, ओस से फसलों को नमी मिलती है, जिससे उनकी बढ़त और उत्पादन बेहतर होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले तक उमस और बारिश थी। अब सुबह-शाम हल्की ठंडक और कोहरे से सर्दी की शुरुआत महसूस हो रही है। फिलहाल कोहरे के कारण वाहन चालकों को सुबह सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।