एएनटीएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खेत में जमीन के नीचे छिपाकर रखी अफीम की खेप बरामद की है। टीम ने बाड़मेर ग्रामीण थाना इलाके के भाड़खा गांव की हरियाली ग्राम पंचायत स्थित जुनेजा मेहरो की बस्ती में कार्रवाई कर 7.186 किलो अफीम का दूध और 1.016 किलो निर्मित अफीम जब्त की। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिले में एएनटीएफ की यह लगातार दूसरी कार्रवाई है। घर और खेत में मादक पदार्थ छिपाकर बेचने की मिली थी सूचना एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एमएन के निर्देशन में प्रदेशभर में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में टीम को सूचना मिली थी कि जुनेजो की बस्ती निवासी मोडाराम पुत्र मूलाराम अपने घर और खेत पर मादक पदार्थ लाकर बेच रहा है। उसके पास बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ छिपाकर रखे होने की भी सूचना थी। पुलिस को देखकर घबराया, शक होने पर तलाशी ली सूचना के आधार पर एएनटीएफ टीम मौके पर पहुंची। यहां खेत में खड़ा एक व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर घबरा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोडाराम बताया। संदेह होने पर टीम ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से आरोपी के घर और खेत की तलाशी ली। बेर के पेड़ के नीचे गड्ढा खोदकर मिट्टी में दबाई थी अफीम तलाशी के दौरान खेत में बेर के पेड़ के नीचे जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाई गई अफीम की खेप मिली। आरोपी ने पुलिस से बचाने के लिए मादक पदार्थ को मिट्टी के नीचे दबाकर रखा था। टीम ने वहां से 7.186 किलो अफीम का दूध और 1.016 किलो निर्मित अफीम बरामद कर जब्त कर ली। पुलिस ने मोडाराम पुत्र मूलाराम निवासी जुनेजो मेहरो की बस्ती, हरियाली ग्राम पंचायत, भाड़खा को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।