बाड़मेर जिला परिषद के 37 सदस्यों के चुनाव के लिए 114 प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रत्याशियों की ओर से घोषित चल संपत्ति के आंकड़ों में वार्ड 33 के कांग्रेस उम्मीदवार रघुनाथराम सबसे आगे हैं। उन्होंने अपने नाम 16.20 करोड़ रुपए की चल संपत्ति घोषित की है। इसी वार्ड से भाजपा के बांकाराम की पत्नी और आरएलपी के अशोक कुमार भी करोड़ों की चल संपत्ति के मालिक हैं। वहीं, वार्ड 34 में भाजपा प्रत्याशी मनोहर पाबड़ा और कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह गोदारा आमने-सामने हैं। दोनों ममेरे भाई हैं। तीन दोस्त, तीनों आमने-सामने अलग-अलग पार्टियों से चुनाव लड़ रहे बाड़मेर जिला परिषद का वार्ड 33 चर्चा में है। यहां तीन दोस्त अलग-अलग पार्टियों से चुनाव लड़ रहे हैं। तीनों ने ऑयल फील्ड से अपने बिजनेस की शुरुआत की थी। अब तीनों चुनावी मैदान में आमने-सामने हैं और तीनों ने करोड़ों रुपए की चल संपत्ति घोषित की है। भाजपा प्रत्याशी बांकाराम की पत्नी के पास 4.09 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है। कांग्रेस प्रत्याशी रघुनाथराम ने अपने नाम 16.20 करोड़ रुपए की चल संपत्ति घोषित की है। वहीं, आरएलपी प्रत्याशी अशोक कुमार के पास 2 लाख रुपए नकद, 50 ग्राम सोना और 1 करोड़ 1 लाख रुपए की चल संपत्ति है। दो पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष एक सीट पर चुनाव लड़ रहे वार्ड नंबर 29 से भाजपा प्रत्याशी मुन्नी चौधरी (36) चुनाव लड़ रही हैं। वह वकील हैं और उन्होंने एलएलबी के साथ एमसीए की पढ़ाई भी की है। एमसीए राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय से की है। उनके पास 5.64 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है, जबकि उनके पति के पास 15.99 लाख रुपए हैं। वह डीएम कंस्ट्रक्शन कंपनी की मालकिन हैं। कांग्रेस प्रत्याशी भूराराम गोदाराम के पास 1.50 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है। उन्होंने एमए किया है और बाड़मेर कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुके हैं। उनकी पत्नी के पास 35.60 लाख रुपए की चल संपत्ति है। निर्दलीय प्रत्याशी नरेश देव सारण के पास 8.58 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी के पास 1.19 करोड़ रुपए हैं। नरेश एमए पास हैं और बाड़मेर कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुके हैं। सबसे कम आय वार्ड संख्या 5 के भाजपा प्रत्याशी वार्ड नंबर 5 के भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल पुत्र उकाराम के पास 72 हजार रुपए की चल संपत्ति है। वह साक्षर हैं। इसी वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी फतेह खान के पास 6.72 लाख रुपए की चल संपत्ति है। उनकी पत्नी के पास 20.38 लाख रुपए की चल संपत्ति है, जो उनके पति की घोषित संपत्ति से करीब तीन गुना है। फतेह खान बीए पास हैं। वार्ड 34 में बीजेपी के प्रत्याशी और उनकी पत्नी दोनों करोड़पति बाड़मेर जिला परिषद के वार्ड नंबर 34 में भाजपा प्रत्याशी मनोहर पाबड़ा और कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मणसिंह गोदारा के बीच मुकाबला है। दोनों ममेरे भाई हैं। लक्ष्मणसिंह गोदारा वर्तमान में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हैं। भाजपा प्रत्याशी मनोहर पाबड़ा ने अपने नाम 4.71 करोड़ रुपए और अपनी पत्नी के नाम 3.33 करोड़ रुपए की चल संपत्ति घोषित की है। उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से बीटेक किया है। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मणसिंह गोदारा के पास 4.10 करोड़ रुपए और उनकी पत्नी के पास 34.17 लाख रुपए की चल संपत्ति है। उन्होंने स्नातकोत्तर तक पढ़ाई की है। पूर्व प्रधान के पास 3.17 करोड़ की संपति पूर्व प्रधान खंगार सिंह सोढ़ा ने अपने नाम 3.17 करोड़ रुपए की चल संपत्ति घोषित की है। उनकी पत्नी के पास 1.14 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है। सोढ़ा बीए पास हैं।