बाड़मेर ANTF टीम ने मादक-पदार्थ के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने धनाऊ और सदर थाना इलाके में दबिश देकर 58 किलो डोडा-पोस्त जब्त किया। बाड़मेर गादान में आरोपी ने डोडा-पोस्त जमीन के नीचे ड्रम में छिपाकर रखे थे, जबकि भुणिया गांव में डोडा-पोस्त चूरा गायों के छप्पर में चारे के कट्टों के बीच छिपाया हुआ था। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मुनाफे के लालच में किराणा दुकान के साथ डोडा-पोस्त की फुटकर बिक्री करने लगे थे। जमीन खोदकर निकाले दो ड्रम ANTF टीम को सूचना मिली थी कि बाड़मेर गादान निवासी कानाराम ने अपनी रहवासी ढाणी के पीछे खेत में भारी मात्रा में डोडा-पोस्त जमीन में छिपाकर रखा है। टीम ने स्थानीय पुलिस से संपर्क कर संयुक्त रूप से कानाराम के घर पर दबिश दी। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम कानाराम निवासी बाड़मेर गादान बताया। जमीन ताजा खुदी मिली, रेत के नीचे दबे थे ड्रम स्थानीय पुलिस ने ढाणी के पीछे तलाशी ली तो चारदीवारी के पास जमीन ताजा खुदी हुई मिली। संदेह होने पर फावड़े से जमीन खोदी गई। रेत के नीचे दो ड्रम दबे मिले, जिनमें डोडा-पोस्त भरा हुआ था। पुलिस ने 35.450 किलो डोडा-पोस्त चूरा बरामद किया। इस मामले में कानाराम पुत्र मदाराम उर्फ मदनलाल निवासी बाड़मेर गादान, पुलिस थाना सदर को गिरफ्तार किया गया। गायों के छप्पर में चारे के कट्टों के बीच छिपाए थे कट्टे दूसरी कार्रवाई धनाऊ थाना इलाके में हुई। ANTF को सूचना मिली थी कि कायम का तला, भुणिया निवासी पोकरराम के घर के आगे बने गायों के छप्पर में डोडा-पोस्त छिपाकर रखा गया है। पुख्ता सूचना पर टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के पास बने गायों के छप्पर में एक व्यक्ति बैठा मिला। नाम पूछने पर उसने अपना नाम पोकराराम बताया। गायों के छप्पर की तलाशी लेने पर चारे के कट्टों के बीच डोडा-पोस्त से भरे दो कट्टे छिपे मिले। पुलिस ने 22.540 किलो डोडा-पोस्त बरामद किया। आरोपी पोकराराम उर्फ पुखराज पुत्र उदाराम निवासी कायम का तला भुणिया, धनाऊ को गिरफ्तार किया गया। किराणा दुकान के साथ शुरू किया डोडा-पोस्त बेचना टीम की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह किराणा की दुकान चलाता था। इसी दौरान उसकी पहचान एक तस्कर से हुई। अधिक मुनाफे के लालच में उसने डोडा-पोस्त की फुटकर बिक्री शुरू कर दी। धीरे-धीरे वह दुकानदारी के साथ नशे के अवैध कारोबार में शामिल हो गया।