बाड़मेर में खाद्य विभाग की टीम ने दो अलग-अलग जगह कार्रवाई कर मिलावट के संदेह में 63 कार्टन में रखा 994 लीटर घी सीज किया है। टीम ने घी के सैंपल लेकर जांच के लिए खाद्य सुरक्षा मानक प्रयोगशाला जोधपुर भेजे हैं। यह घी गुजरात से बाड़मेर लाया गया था। वहीं, मौके पर 15 लीटर एक्सपायरी घी भी मिला, जिसे टीम ने नष्ट करवा दिया। डीएसटी की सूचना पर दो जगह कार्रवाई बाड़मेर पुलिस की डीएसटी टीम घी की खेप पर निगरानी रख रही थी। डीएसटी की सूचना पर बाड़मेर CMHO डॉ. विष्णुराम विश्नोई के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कार्रवाई की। फ्रूड इंस्पेक्टर धर्मेंद्रसिंह और शंकरलाल की टीम ने शुक्रवार और शनिवार को लगातार दो दिन कार्रवाई की। पहली कार्रवाई जैसलमेर रोड स्थित मैसर्स कृष्णा ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम में की गई। यहां 40 कार्टन में 631 लीटर घी मिला, जिसे गुणवत्ता और मिलावट के संदेह में सीज कर दिया गया। कृषि मंडी के गोदाम से 363 लीटर घी सीज दूसरी कार्रवाई शनिवार देर शाम कृषि मंडी स्थित खाद्य कारोबारकर्ता मैसर्स ऋषभ इंटरप्राइजेज के गोदाम पर की गई। टीम की जांच में यहां 23 कार्टन में करीब 363 लीटर घी संदिग्ध मिला। इसे भी सीज कर दिया गया। सैंपल जांच के लिए भेजे, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई खाद्य विभाग की टीम ने दोनों जगह मिले घी के सैंपल लिए और खाद्य सुरक्षा मानक प्रयोगशाला जोधपुर भेज दिए। अधिकारियों के मुताबिक प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मौके पर श्रेष्ठ ब्रांड का 15 लीटर घी अवधि पार यानी एक्सपायरी डेट का मिला। टीम ने इसे मौके पर ही नष्ट करवा दिया। अधिकारियों के अनुसार जिले में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।