दीपावली और त्योहारी सीजन को देखते हुए रेलवे ने जोधपुर-मऊ वीकली स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन का संचालन कल(रविवार) से शुरू होगा। वहीं बाड़मेर-मथुरा ट्रेन को 9 और 10 अक्टूबर को गोवर्धन तक संचालित किया जाएगा। वहीं 8 अक्टूबर को ये ट्रेन एक घंटे देरी से चलेगी। इसके साथ ही कल से जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस की 8 ट्रिप रद्द रहेगी। पढ़ें रेलवे की प्रमुख खबरें… 1. 22 कोच होंगे, 9 फेरे करेगी वीकली स्पेशल ट्रेन त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाले अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए जोधपुर-मऊ साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन रविवार से शुरू की जा रही है। ट्रेन के 9 ट्रिप होंगे और यह मेड़ता रोड-डेगाना-जयपुर मार्ग से संचालित होगी। जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 04823 जोधपुर-मऊ साप्ताहिक स्पेशल 4 अक्टूबर रविवार से 29 नवंबर तक 9 फेरों में प्रत्येक रविवार को जोधपुर से शाम 5 बजे रवाना होकर अगले दिन सोमवार रात 11.40 बजे मऊ पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04824 मऊ-जोधपुर साप्ताहिक स्पेशल 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक 9 फेरों में प्रत्येक मंगलवार को सुबह 4 बजे मऊ से रवाना होकर बुधवार सुबह 8.40 बजे जोधपुर पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर होगा ठहराव यह ट्रेन पीपाड़ रोड, गोटन, मेड़ता रोड, रेन, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, नावां सिटी, फुलेरा, जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महवा रोड, खेड़ली, नदबई, भरतपुर, मथुरा, हाथरस सिटी, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, बादशाहनगर, अयोध्या कैंट, अयोध्या, शाहगंज, खोरासन रोड, आजमगढ़ और मुहम्मदाबाद स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस स्पेशल ट्रेन में 2 सेकेंड एसी, 4 थर्ड एसी, 8 द्वितीय शयनयान, 6 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 22 डिब्बे होंगे। 2. मथुरा यार्ड री-मॉडलिंग के चलते प्रभावित होगा बाड़मेर-मथुरा ट्रेन का रूट पलवल-मथुरा रेलखंड के मथुरा और भूतेश्वर स्टेशनों पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते बाड़मेर-मथुरा ट्रेन का रूट प्रभावित होगा। ऐसे में जोधपुर मंडल से संबंधित बाड़मेर-मथुरा रेलसेवा के संचालन में आंशिक बदलाव किया गया है। सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार, गाड़ी संख्या 20489 बाड़मेर-मथुरा 9 अक्टूबर को बाड़मेर से रवाना होकर मथुरा के बजाय गोवर्धन तक ही संचालित होगी। इसके चलते गोवर्धन-मथुरा के बीच यह रेलसेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 20490 मथुरा-बाड़मेर 10 अक्टूबर को मथुरा के बजाय गोवर्धन से संचालित होगी। ऐसे में मथुरा-गोवर्धन के बीच इसका संचालन आंशिक रूप से रद्द रहेगा। वहीं ट्रेन संख्या 20490 मथुरा-बाड़मेर सुपरफास्ट 8 अक्टूबर को अपने निर्धारित समय दोपहर 3.45 बजे के बजाय एक घंटे की देरी से 4.45 बजे मथुरा से रवाना होगी। 3. कल से जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस की 8 ट्रिप रद्द उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल के अजमेर-चंदेरिया रेलखंड पर झारवासा-बांदनवाड़ा-सिंगवाल स्टेशनों के बीच पेच डबलिंग काम के चलते रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इसके चलते जोधपुर मंडल से संचालित तीन ट्रेनों को रद्द किया गया है। जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार, ट्रेन संख्या 14801/14802 जोधपुर-इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस 4 से 11 अक्टूबर तक रद्द रहेगी। इस दौरान कुल 8 ट्रिप रद्द रहेंगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 17606 भगत की कोठी-काचेगुड़ा एक्सप्रेस 4 और 7 अक्टूबर को रद्द रहेगी। डीआरएम के अनुसार, अजमेर मंडल में चल रहे पेच डबलिंग कार्य के कारण यह बदलाव किया गया है।