बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया 27 अगस्त यानी गुरुवार से शुरू हो गई है। राजनीतिक दलों के प्रत्याशी और अन्य उम्मीदवार सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं तहसीलदार के समक्ष नामांकन प्रस्तुत कर रहे हैं। हालांकि अभी दोनों पार्टियों की ओर से टिकट की लिस्ट जारी नहीं की गई है। इसके बावजूद कांग्रेस जिलाध्यक्ष दो नामांकन करने वाले दावेदारों के साथ नजर आए। वहीं, बीजेपी जिला उपाध्यक्ष भी नामांकन दाखिल करने वालों के साथ दिखाई दिए। बाड़मेर नगर परिषद के उपसभापति रहे सुरतानसिंह ने गुरुवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं, बीजेपी के दिग्गज नेता और पूर्व पार्षद गंगाविशन भी अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। दोनों पार्टियों के कई दावेदारों ने गुरुवार को नामांकन पत्र जमा किए। 55 वार्डों के लिए दो जगहों पर होंगे नामांकन नगर परिषद के 55 वार्डों को नामांकन के लिए दो भागों में बांटा गया है। वार्ड संख्या 1 से 28 तक के नामांकन तहसील कार्यालय बाड़मेर में सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार बाड़मेर के समक्ष प्रस्तुत किए जा सकेंगे। वहीं, वार्ड संख्या 29 से 55 तक के नामांकन तहसील कार्यालय बाड़मेर ग्रामीण में सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार बाड़मेर ग्रामीण के समक्ष जमा होंगे। 31 अगस्त तक नामांकन, 29 और 31 को ही मिलेगा मौका जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर चिन्यमी गोपाल ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बाड़मेर जिले में बाड़मेर नगर परिषद के लिए पहले चरण और चौहटन नगर पालिका के लिए दूसरे चरण में मतदान होगा। बाड़मेर नगर परिषद के लिए रिटर्निंग अधिकारी भवानीसिंह और चौहटन नगर पालिका के लिए रिटर्निंग अधिकारी अनिल कुमार ने लोक सूचना जारी की है। उन्होंने बताया कि बाड़मेर नगर परिषद और चौहटन नगरपालिका में वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई है और 31 अगस्त तक चलेगी। नामांकन पत्र संबंधित रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी की ओर से निर्धारित स्थानों पर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर रवीन्द्र कुमार ने बताया कि पार्षद पद के लिए उम्मीदवार अब 29 और 31 अगस्त को ही आवेदन कर पाएंगे। रक्षाबंधन और रविवार को नहीं होंगे नामांकन नामांकन प्रक्रिया के दौरान रक्षाबंधन और रविवार को नामांकन नहीं होंगे। बाड़मेर नगर परिषद के चुनाव पहले चरण में 9 सितंबर को होंगे, जबकि चौहटन नगर पालिका में दूसरे चरण में 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा।