मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पंचायती राज चुनाव शेड्यूल जारी होने से पहले बाड़मेर आ रहे हैं। वे बुधवार दोपहर करीब 12 बजे बाड़मेर पहुंचेंगे। बाछड़ाऊ में जनसभा कर तीन विधानसभा क्षेत्रों के गांवों में पंचायती चुनाव के समीकरण साधने का प्रयास करेंगे। साथ ही बाड़मेर समेत जोधपुर संभाग के लिए बड़ी घोषणाएं भी कर सकते हैं। सीएम के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक अफसरों के साथ-साथ बीजेपी पदाधिकारियों ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बाछड़ाऊ में पांडाल लगाया गया है। यहां सीएम जनसभा को सम्बोधित करने के साथ जोधपुर संभाग के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी कर सकते हैं। साथ ही कई विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण करना भी प्रस्तावित है। दरअसल, नगर निकाय में चुनाव में 200 से ज्यादा निकाय जीतने के बाद अब सरकार पंचायती राज चुनाव की जीत पर फोकस कर रही है। पंचायती राज चुनाव की लॉटरी निकल गई हैं। अब चुनाव आयोग शेड्यूल जारी करने की तैयारी में जुटा है। इससे पहले सीएम भजनलाल शर्मा का बाड़मेर दौरा कई बड़ी सौगात दे सकता है। सीएम के प्रस्तावित प्रोग्राम को लेकर जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल, एसपी चूनाराम जाट, एडीएम रविंद्र कुमार, एएसपी नितेश आर्य समेत प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों में जुटें है। इधर पुलिस ने सुरक्षा को लेकर बंदोबस्त कर दिया है। वहीं लोगों के बैठने के लिए पांडाल तैयार करवाया गया है। सीएम जनसभा को सम्बोधित करने के बाद कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। बाछड़ाऊ तीन विधानसभाओं का सेंटर पांइट सीएम का प्रस्तावित सभास्थल बाछड़ाऊ में है, जिसे बाड़मेर, चौहटन और गुड़ामालानी का सेंटर पॉइंट माना जाता है। यहां से वोटर्स को सीधा संदेश दिया जा सकता है। हालांकि बाछड़ाऊ चौहटन विधानसभा में आता है। साथ ही इस इलाके में लीलसर, मांगता, डूगेरो का तला और चौहटन पंचायत समितियां आती है। 12 हजार लोगों को जुटेगी भीड़ सीएम भजनलाल शर्मा 901.43 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। वहीं 261.61 करोड़ के विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे। जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई ने बताया- सीएम भजनलाल शर्मा नगर परिषद समेत जिले के समस्त कार्यकर्ता के साथ संवाद करेंगे। बाछड़ाऊ में एक जनसुनवाई का प्रोग्राम करवाने जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं को संभालने के लिए राजस्थान के मुखिया स्वंय आ रहे है। मुख्यमंत्री के दौरे को सफल बनाने और जनसभा में लोगों की भीड़ जुटाने के लिए मंत्री के. के. बिश्नोई, चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल, जिलाध्यक्ष अनन्त राम सहित पूरा भाजपा संगठन तैयारियों में जुटा है। पदाधिकारियों को उम्मीद है कि करीब 12 हजार लोग सीएम की सभा में आएंगे।