उदयपुर आबकारी आयुक्त के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ब्यावर आबकारी विभाग की टीम ने जवाजा थाना क्षेत्र के अडली मंगरी में कार्रवाई की। इस दौरान एक अवैध शराब भट्टी पर छापा मारा गया। आबकारी विभाग के अनुसार, 24 सितंबर को एक खास मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम अडली मंगरी पहुंची। मौके पर लूंब सिंह पुत्र नंदा सिंह निवासी अडली मंगरी अवैध शराब की भट्टी चलाता हुआ मिला। हालांकि, टीम को देखकर आरोपी मौके से भाग गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 35 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त की। इसके अलावा, एक चालू शराब भट्टी और शराब बनाने के सारे उपकरण नष्ट कर दिए गए। मौके पर करीब 200 लीटर शराब बनाने का तैयार वॉश भी नष्ट किया गया। इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक नीलम चौधरी और आबकारी गार्ड शंकर सिंह ने खास भूमिका निभाई। विभाग द्वारा आरोपी लूंब सिंह के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है।