ब्यावर नगर परिषद के सभापति पद के लिए बुधवार को कांग्रेस के कैलाश गहलोत और भाजपा की पुष्पा बल्दुआ ने नामांकन भरा। निर्वाचन अधिकारी और एसडीएम जयपाल सिंह राठौड़ ने नगर परिषद आयुक्त कक्ष में यह प्रक्रिया पूरी की। सबसे पहले कांग्रेस की ओर से वार्ड 55 के पार्षद कैलाश गहलोत ने सभापति पद के लिए अपना नामांकन पत्र भरा। इस दौरान ब्यावर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय शर्मा, माइंस एवं माइनिंग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष आशीष पाल पदावत और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पारस पांच सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी की ओर से वार्ड 27 की पार्षद पुष्पा बल्दुआ ने सभापति पद के लिए अपना नामांकन पत्र जमा किया। नामांकन के समय ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत और भाजपा की ब्यावर प्रभारी सरिता गेना सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों द्वारा नामांकन भरे जाने के बाद नगर परिषद में सभापति चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। ब्यावर नगर परिषद में सभापति पद का चुनाव 21 सितंबर को होना है। ब्यावर नगर परिषद के 60 वार्डों में बीजेपी ने 23, कांग्रेस ने 20, आरएलपी ने 4 और निर्दलीयों ने 13 सीटों पर जीत दर्ज की थी।