ब्यावर जिले के नरबदखेड़ा और जवाजा पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के आरक्षण की लॉटरी गुरुवार को निकाली गई। यह प्रक्रिया जिला कलेक्टर कार्यालय के पुराने वीसी रूम में हुई। ब्वावर उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़ की निगरानी में लॉटरी प्रक्रिया पूरी की गई। ब्यावर के उपखंड अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़ की देखरेख में आरक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई। लॉटरी की पर्चियां स्कूली छात्राओं खुशी और परी के हाथों से निकलवाई गईं। पूरी प्रक्रिया अधिकारियों की निगरानी में संपन्न हुई। इस लॉटरी के बाद ब्यावर जिले की नरबदखेड़ा सीट पर ओबीसी (सामान्य) और जवाजा सीट पर सामान्य महिला प्रधान होंगी। आरक्षण सूची जारी होने के साथ ही दोनों पंचायत समितियों के ग्रामीण क्षेत्रों में आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। संभावित उम्मीदवारों ने अपने-अपने क्षेत्र में जनसंपर्क और चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं, आरक्षण के बाद कई दावेदारों की उम्मीदवारी की तस्वीर साफ होने लगी है।