टोंक | नगर परिषद की आरडीएसएमटी कॉलोनी में रोडवेज बस स्टैंड के पीछे सी ब्लॉक पार्क में गुरुवार से संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। जिसको लेकर कलश व शोभायात्रा से हुई। कथा का वाचन नंदिनी महाराज के मुखारविंद से किया जा रहा है। कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से हरि इच्छा तक होगी। कथा के प्रथम दिन महाराज ने भागवत के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान सत्य स्वरूप हैं और श्रीमद् भागवत कथा साक्षात भगवान का स्वरूप है। उन्होंने भक्तों को बताया कि भागवत कथा किसने, किसे और किस उद्देश्य से सुनाई तथा इसके श्रवण से मनुष्य को मिलने वाले आध्यात्मिक लाभ क्या हैं। महाराज ने धुंधकारी प्रसंग के जरिए कथा श्रवण की महिमा समझाइश देते हुए बताया कि धुंधकारी जैसा पापी भी प्रेत योनि में भटकने के बाद भागवत कथा के श्रवण से मुक्त हो गया।