ओ भैरू जी थारो भक्त बनू मैं… और भैरू जी का भोपा नाच्या करे… जैसे भजनों पर यश विहार का पंडाल देर रात तक भक्ति में झूमता रहा। महिला, पुरुष, बच्चे और जवान सभी भक्ति भाव में भाव-विभोर होकर नाचते नजर आए। अवसर था नवकार मित्र मंडल, भीलवाड़ा की ओर से कोटा रोड स्थित यश विहार में आयोजित ‘एक शाम श्री टॉडगढ़ काला-गोरा भैरूजी के नाम’ विशाल भजन संध्या का। 51 दीपकों से महाआरती के साथ भजन संध्या की शुरुआत शाम ढलते ही भैरूजी के जयकारों और भजनों के स्वरों से आयोजन स्थल भक्तिमय हो गया। भजन संध्या के शुभारंभ पर श्री काल भैरव के मुख्य उपासक विद्याप्रकाश पडियार (गुरुदेव), श्री नाकोड़ा उपासक कपिल पडियार एवं श्री देवनारायण उपासक रतनलाल सेन के सानिध्य में 51 दीपकों से महाआरती की गई। ‘आवनो पड़ेला भैरू जी’ पर गूंजे जयकारे महाआरती के बाद पाली से आई भजन गायिका सोनू सिसोदिया ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। सोनू ने “आवनो पड़ेला भैरू जी, आवनो पड़ेला, आज रा भजना में थाने आवनो पड़ेला”, “ओ भैरू जी थारो भक्त बनू मैं” और “लटियाला भेरू लटियाला” जैसे भजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। वहीं “दादा तेरा क्या फर्ज नहीं भक्तों के घर आने का” और “जब कोई नहीं आता मेरे दादा आते हैं” जैसे भजनों पर भी श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई। सबका भर दो भंडार पर झूमे श्रद्धालु भीलवाड़ा के प्रेम शंकर जाट ने “गाडियां गाडियां”, “होटला पे नाम लिख्यो भैरूजी को” और “कृपा कर दो भैरू जी, सबका भर दो भंडार” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं में जोश भर दिया। एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहे। भैरूजी के जयकारों और भजनों की गूंज के बीच श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। आयोजन स्थल पर देर रात तक आस्था और भक्ति का माहौल बना रहा। इनकी रही मौजूदगी कार्यक्रम में विधायक अशोक कोठारी एवं तिलोक छाबड़ा का सानिध्य मिला। आयोजन को सफल बनाने में चुन्नीलाल, पवन कुमार, आकाश, बादल बोहरा परिवार बेमाली, डुंगरसिंह, देवेंद्र कुमार, अरुण कुमार, पर्व कुमार डूंगरवाल परिवार कालियास, शंकरलाल, प्रशांत कुमार, देरासरिया परिवार कोशीथल, विनय कुमार, विभोर कुमार गोधा भीलवाड़ा, हितेश कुमार, शैलेन्द्र काबरा, भैरूलाल व तेजसिंह बोहरा सहित कई धर्मप्रेमियों का विशेष सहयोग रहा।