भरतपुर की ओमजी सिटी कॉलोनी में मंगलवार को भरतपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी(BDA) ने सरकारी जमीन पर बने एक धार्मिक स्थल की दीवार तोड़ दी। इसके बाद कॉलोनी वासियों ने विरोध किया तो टीम वापस लौट गई। कॉलोनीवासी दौलत फौजदार ने कहा कि BDA कमिश्नर कनिष्क कटारिया औरंगजेब की भूमिका निभा रहे हैं, जिसके कारण कॉलोनी में धार्मिक स्थलों पर तोड़फोड़ की जा रही है। कॉलोनी वासियों का दावा है कि धार्मिक स्थल स्थानीय लोगों के सहयोग से बना है, जिसमें की जा रही तोड़फोड़ गलत है। जयपुर के ठेकेदार ने काटी थी कॉलोनी कॉलोनीवासियों ने कहा कि ओमजी सिटी में 2015 से मकान बनना शुरू हुए थे। ठेकेदार एसपी चौधरी इस कॉलोनी को काटा था, लेकिन कॉलोनी बनने के बाद यहां विकास कार्य नहीं करवाए गए। 2026 में कॉलोनी में 25 से 30 परिवार रहने लगे। कॉलोनी के लोगों ने पैसा इकठ्ठा कर एक धार्मिक स्थान बनवाया, अब इसी धार्मिक स्थान को गलत बताकर तोड़फोड़ की जा रही है। दौलत फौजदार का आरोप है कि BDA कमिश्नर ने कॉलोनी के ठेकेदार से पैसे लिए हैं, इसी कारण कॉलोनी में अवैध काम हो रहे हैं। शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही हैं। फौजदार का कहना है कि फिलहाल कॉलोनी BDA को हैंडओवर की जा रही है। कोर्ट में दावा करने के बाद BDA ने कॉलोनी में विकास के लिए 2 करोड़ 68 लाख रुपए जमा करवाए, हालांकि उसके बाद भी विकास नहीं हुआ।