भरतपुर के सीकरी नगर पालिका क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही से हादसा हो गया। 22 साल का संविदा इलेक्ट्रिशियन शटडाउन लेकर रोड लाइट ठीक करने खंभे पर चढ़ा था। इस बीच बिजली चालू होने से करंट से झुलस गया। परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत सीकरी के सरकारी हॉस्पिटल लेकर गए। नाजुक हालत में उसे अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। फिलहाल वह ट्रॉमा वार्ड में भर्ती है। परिजनों ने विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। हाथ और पेट झुलसा घायल इलेक्ट्रिशियन सेम्पी सैनी (22) पुत्र झम्मन लाल सैनी, निवासी सीकरी के करंट से दोनों हाथ और पेट बुरी तरह झुलस गए हैं। पोल से नीचे गिरने पर अंदरूनी (गुम) गंभीर चोट आईं हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि शटडाउन लेने के बावजूद बिना अनुमति लाइन चालू कर दी गई। बता दें कि इलेक्ट्रिशियन पिछले 3 साल से पालिका में कार्यरत है। परिजनों में आक्रोश, जांच और मुआवजे की मांग हादसे के बाद परिजनों ने विद्युत निगम के खिलाफ कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। परिजनों की मांग है कि जब आधिकारिक रूप से शटडाउन लिया गया था, तो किसकी लापरवाही से बिजली आपूर्ति बहाल की गई? उन्होंने दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित को उचित मुआवजा देने की मांग की है। सामने आ रहा है कि पोल पर काम करते समय इलेक्ट्रिशियन के पास पर्याप्त सुरक्षा उपकरण (ग्लव्स, सेफ्टी बेल्ट आदि) भी नहीं थे।