भरतपुर शहर की सुजान गंगा नहर में रविवार को एक 60 साल के व्यक्ति ने कूदकर सुसाइड का प्रयास किया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची मथुरा गेट थाना पुलिस ने रस्सी डालकर उसे बचाया। इसके बाद प्राइवेट नाव की मदद से नहर से सुरक्षित बाहर निकाला गया। व्यक्ति ने अपने बेटे-बहू और साले के बेटे पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह इससे परेशान होकर नहर में कूदा था, अब मैं मरना चाहता हूं। देखिए हादसे से जुड़ी फोटोज… रस्सी पकड़कर बचाई जान मथुरा गेट थाने के एएसआई राकेश मान ने बताया- रविवार को सूचना मिली कि एक व्यक्ति सुजान गंगा नहर में कूद गया है। इस पर पुलिस जाब्ता रेस्क्यू का सामान लेकर मौके पर पहुंचा। उस समय व्यक्ति नहर में डूब रहा था। पुलिसकर्मियों ने उसे बचाने के लिए नहर में रस्सी डाली, जिसे व्यक्ति ने पकड़ लिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने निजी नाव संचालकों से संपर्क किया और नाव की मदद से व्यक्ति को नहर से बाहर निकाला। उसकी पहचान गोपालगढ़ निवासी मोहन सिंह (60) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, व्यक्ति के नहर में कूदने के कारणों को लेकर उससे पूछताछ की जाएगी। परिजनों पर मारपीट करने का लगाया आरोप मोहन सिंह ने बताया कि उसके परिजन उसके साथ मारपीट करते हैं, जिससे वह काफी परेशान है। उसका कहना है कि वह इस संबंध में शिकायत लेकर पुलिस के पास भी गया था, लेकिन उसकी FIR दर्ज नहीं की गई। इसी परेशानी के चलते उसने नहर में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस मामले में व्यक्ति से पूछताछ कर रही है।