भारतीय वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह 31 अक्टूबर को रिटायर हो रहे हैं। उससे पहले चीफ ऑफ द एयर स्टाफ, एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने स्वदेशी लड़ाकू विमान लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट तेजस में बैठकर अपने करियर की आखिरी फाइटर सॉर्टी पूरी की। स्वदेशी तकनीक और आत्मनिर्भर भारत की ताकत के प्रतीक तेजस के कॉकपिट से उनकी इस उड़ान के साथ ही जोधपुर एयरबेस पर आयोजित बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास तरंग शक्ति-2026 का भी समापन हो गया। नए वायुसेना प्रमुख होंगे एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित एयर चीफ मार्शल एपी सिंह के बाद एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित भारतीय वायुसेना के नए प्रमुख का पदभार संभालेंगे। तेजस में एपी सिंह की आखिरी फाइटर सॉर्टी उनके वायुसेना करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव रही। 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक चले इस युद्धाभ्यास में अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, बांग्लादेश, श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरात सहित आठ देशों के लड़ाकू विमानों ने हिस्सा लिया। वहीं, 40 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) के तौर पर अभ्यास की गतिविधियों को देखा। 'पावर इन पार्टनरशिप' रही थी थीम भारतीय वायुसेना की ओर से आयोजित तरंग शक्ति देश का प्रमुख बहुराष्ट्रीय एयर कॉम्बैट एक्सरसाइज है। इसकी थीम 'पावर इन पार्टनरशिप' रखी गई थी। युद्धाभ्यास का उद्देश्य मित्र देशों की वायुसेनाओं के बीच आपसी तालमेल और परिचालन क्षमता को मजबूत करना था। इसके साथ ही स्वदेशी रक्षा उपकरणों और 'मेक इन इंडिया' की ताकत का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए थे। इस अभ्यास के जरिए भारत ने अपनी हवाई युद्ध क्षमता के साथ अंतरराष्ट्रीय रक्षा सहयोग और स्वदेशी विमानन तकनीक की क्षमता को प्रदर्शित किया।