जम्मू-कश्मीर के राजौरी और उधमपुर जिलों के जंगलों में संदिग्ध आतंकवादियों की हलचल की खबर मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने रविवार को सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार देर रात राजौरी के सुंदरबनी सेक्टर में अपर लार्डिया में संदिग्ध आतंकवादियों ने अनिल सूदन नाम के एक ग्रामीण का उसके घर के पास से अपहरण कर लिया था। उन्होंने बताया कि संदिग्ध आतंकवादियों ने दुआ खड्ड जंगल तक पहुंचने के लिए सूदन का गाइड के तौर पर इस्तेमाल किया और बाद में सुबह करीब 3.15 बजे उसे छोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और सेना के जवान इलाके में पहुंचे और संदिग्धों का पता लगाने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया। आज की अन्य बड़ी खबरें… उदयनिधि स्टालिन पर केस दर्ज, चुनाव प्रचार में बच्चे को शामिल करने का आरोप तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ चुनाव प्रचार में एक बच्चे को शामिल करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। धारापुरम पुलिस के मुताबिक, शनिवार को पेरियार की मूर्ति के पास हुई एक चुनावी सभा के दौरान बच्चे को मंच से बोलने के लिए कहा गया था। पुलिस का आरोप है कि बच्चे से मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के खिलाफ अपमानजनक बात कहलवाई गई। यह मामला धारापुरम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार को उदयनिधि स्टालिन ने पेरियार की मूर्ति के पास चुनावी सभा को संबोधित किया था. इसी कार्यक्रम में एक बच्चे को चुनाव प्रचार में शामिल किए जाने का आरोप लगा है। CBI ने रिश्वत के मामले में DGCA के डिप्टी डायरेक्टर को गिरफ्तार किया CBI ने रिश्वत के मामले में डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) के एक डिप्टी डायरेक्टर को गिरफ़्तार किया है। गिरफ़्तारी तमिलनाडु में की गई और एजेंसी पूछताछ के लिए आरोपी अधिकारी को दिल्ली लाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की मांग करते हुए अदालत का रुख करेगी। अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी को रिश्वत की मांग के बारे में जानकारी मिली थी, जिसके बाद FIR दर्ज की गई। सुप्रीम कोर्ट 5 अक्टूबर को CEC ज्ञानेश के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई करेगा; इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त पर मुकदमा चलाने की मांग सुप्रीम कोर्ट सोमवार 5 अक्टूबर को CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उन विवादित SIR फैसलों को लेकर दायर याचिकाओं पर सुनवाई करेगा, जो बाकी दो चुनाव आयुक्तों की सहमति के बिना लिए गए थे। मामला CJI सूर्य कांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी मोहना की बेंच में लिस्ट किया गया है। याचिकाकर्ता 14 SIR फैसलों को पलटने, ज्ञानेश कुमार पर मुकदमा चलाने और SIR हटाने के मामले की SIT जांच की मांग कर रहे हैं। आईआईटी दिल्ली के एक स्टूडेंट की 46 दिन बाद मौत, रूम में बेहोश मिला था आईआईटी दिल्ली के एक पीएचडी स्टूडेंट की एम्स हॉस्पिटल में शनिवार को मौत हो गई। स्टूडेंट का यहां 18 अगस्त से उनका इलाज चल रहा था। वह दक्षिण दिल्ली के मुनीरका गांव के किराए के मकान में बेहोशी की हालत में मिला था। स्टूडेंट की मौत का सही कारण अभी तक साफ नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोलकाता के सत्यजीत रे इंस्टीट्यूट के स्टूडेंट्स पर हमला, हिंदू जागरण मंच के सदस्यों ने ईंटें और बोतलें फेंकीं कोलकाता के सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफटीआई) में पिछले सप्ताह हुए विवाद के बाद रविवार शाम एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई। बांगियो हिंदू जागरण मंच (बीएमजेएम) के सदस्यों ने संस्थान के बाहर से छात्रों पर ईंटें और बोतलें फेंकीं। BHJM के सदस्य स्वामी विवेकानंद और भारत माता के कथित अपमान के विरोध में प्रदर्शन मार्च निकालते हुए SRFTI के गेट तक पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने संस्थान में प्रवेश करने की कोशिश की, इस दौरान पुलिस के साथ उनकी झड़प भी हुई। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी है। पिछले सप्ताह भी हुआ था विवाद पिछले रविवार को SRFTI परिसर में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत (ABGP) के एक कार्यक्रम को लेकर छात्रों और कार्यक्रम में शामिल लोगों के बीच विवाद हुआ था। ABGP को RSS से जुड़ा संगठन बताया गया है। इसके बाद परिसर में झड़प हुई थी। SRFTI छात्र संघ ने आरोप लगाया था कि ABGP के सदस्यों ने छात्रों और शिक्षकों के साथ मारपीट की और उन्हें “राष्ट्र-विरोधी”, “अर्बन नक्सल” और “आतंकवादी” कहा। इसके बाद पुलिस ने तीन FIR दर्ज की थीं। इनमें दो अज्ञात छात्रों और एक अज्ञात व्यक्ति/व्यक्तियों के खिलाफ थी। इंडोनेशिया, म्यांमार में भूकंप के झटके; भारत में त्रिपुरा और MP में भी हिली धरती इंडोनेशिया और म्यांमार में शनिवार देर रात से रविवार सुबह तक भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, इंडोनेशिया में रविवार सुबह 5:07 बजे 5.2 तीव्रता का भूकंप आया। इसकी गहराई जमीन से 10 किलोमीटर नीचे थी। इससे पहले 3 अक्टूबर की रात 11:42 बजे म्यांमार में 4.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। वहीं भारत में त्रिपुरा और मध्य प्रदेश में भी भूकंप के झटके आए। त्रिपुरा के धलाई में 4 अक्टूबर को रात 12:57 बजे 3.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिसकी गहराई 30 किलोमीटर थी। वहीं, मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में रात 1:16 बजे 2.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसकी गहराई जमीन से 6 किलोमीटर नीचे थी। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में मवेशी चोरी के शक में भीड़ का हमला, 2 की मौत; 3 घायल पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में बागडोगरा के पास मवेशी चोरी के शक में भीड़ के हमले में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान मोहम्मद शाहिद अख्तर और शाह मोहम्मद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, हमले में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों का इलाज चल रहा है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। हवाई सफर में यात्रियों की 42% शिकायतें रिफंड की, हर दूसरी शिकायत इससे जुड़ी हवाई टिकट कैंसिल होने के बाद पैसा वापस पाने से जुड़ी शिकायतें यात्रियों की बड़ी समस्याओं में शामिल हो गई हैं। नागर विमानन मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 10 दिसंबर 2025 से 1 मार्च 2026 के बीच हवाई सेवा से जुड़ी कुल 28,029 शिकायतें मिलीं। इनमें 11,780 यानी 42% शिकायतें रिफंड और कैंसिलेशन से जुड़ी थीं। करीब 82 दिनों में हर दिन औसतन 144 शिकायतें रिफंड को लेकर आईं। सरकार के मुताबिक, इनमें से 11,579 शिकायतों का समाधान किया गया। हालांकि, इन मामलों में कुल कितने रुपए का रिफंड शामिल था और किसी एक तारीख पर एयरलाइंस के पास यात्रियों के कितने रुपए बाकी थे, इसकी जानकारी मंत्रालय के रिकॉर्ड में नहीं मिली। कुल रिफंड शिकायतों में 65% से ज्यादा मामले बजट एयरलाइंस के खिलाफ दर्ज हुए। रिफंड से जुड़ी शिकायतों का हिस्सा पिछले कुछ वर्षों में बढ़ा है। 2023 में यह 34.3%, 2024 में 27.9% और 2025 में 37.2% था। 10 दिसंबर 2025 से 1 मार्च 2026 के बीच यह बढ़कर 42% से ज्यादा हो गया। इस अवधि में 5,959 शिकायतें फ्लाइट में देरी, 3,785 बैगेज और 6,505 अन्य मामलों से जुड़ी थीं।