​जिला मुख्यालय के टाउन-जंक्शन मार्ग स्थित इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर के पास आयोजित ‘भास्कर मीडिया पार्टनर मेला' इन दिनों शहरवासियों के आकर्षण और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। 15 सितंबर से शुरू हुए इस बहुचर्चित मेले में रोजाना बड़ी संख्या में लोग अपने परिवारों और बच्चों के साथ पहुंच रहे हैं। मेले में युवाओं, बच्चों और महिलाओं के मनोरंजन के साथ-साथ खरीदारी के लिए कई विशेष इंतजाम किए गए हैं। ​इस बार मेले में आए आगंतुकों के लिए विशेष थीम-बेस्ड आकर्षण तैयार किए गए हैं। मेले में बनाई गई ‘लंदन सिटी' की भव्य झांकी लोगों को एक अलग ही अनुभव करा रही है। इसके साथ ही ‘कश्मीरी वैली' की खूबसूरत आबोहवा और ‘जलपरी' का शो विशेष रूप से बच्चों और परिवारों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। लोग इन आकर्षणों के साथ जमकर तस्वीरें और सेल्फी ले रहे हैं। मेला प्रभारी साकिर हुसैन व संजय मखीजा ने बताया कि मेले में केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि शिक्षा और साहित्य का भी विशेष ध्यान रखा गया है। यहां लगाई गई विशेष बुक स्टॉल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए बेहद कारगर साबित हो रही है। इस स्टॉल पर विभिन्न प्रशासनिक व प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी उपयोगी पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे अध्ययनरत युवाओं को काफी लाभ मिल रहा है। मेले में बच्चों और युवाओं के लिए विभिन्न प्रकार के रोमांचक झूले लगाए गए हैं। रंग-बिरंगी और शानदार आकर्षण लाइटों तथा मधुर म्यूजिक के माहौल में लोग मेले का भरपूर आनंद ले रहे हैं। इसके अलावा मेले में हस्तशिल्प (हैंडीक्राफ्ट) का सामान, रेडीमेड कपड़े, मनियारी का सामान और बच्चों के खिलौनों की दर्जनों दुकानें सजी हुई हैं। फूड जोन में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट फास्ट फूड स्टॉल्स पर भी चटपटे व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है।