झालावाड़ जिले के भवानीमंडी उपखंड क्षेत्र के सेमली बक्ता और बिशनिया गांवों में सड़कें खराब हालत में हैं। दोनों गांवों की मुख्य सड़क लंबे समय से बदहाल है। सड़क पर सैकड़ों गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि यहां हर समय हादसे का डर बना रहता है। ग्रामीण रंजीत सिंह चौहान ने बताया कि सड़क की खराब हालत के बारे में कई बार पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को बताया जा चुका है, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। हादसों का बना हुआ है डर ग्रामीणों के अनुसार, बिशनिया मार्ग पर कुछ समय पहले पेचवर्क कराया गया था। लेकिन काम की गुणवत्ता ठीक नहीं होने के कारण पेचवर्क ज्यादा समय तक टिक नहीं सका। कुछ ही समय बाद पेचवर्क उखड़ गया और सड़क फिर से गड्ढों में बदल गई। यहां से दिनभर बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने काम के लिए आते-जाते हैं। रात के समय तो हालात और खराब हो जाते हैं। बारिश का समय अब खत्म हो रहा है, ऐसे में जिम्मेदार विभाग को इस सड़क मार्ग पर ध्यान देना चाहिए। नवनिर्माण से दूर होगी परेशानी ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मौजूदा हालत को देखते हुए केवल खानापूर्ति के लिए पेचवर्क कराने से समस्या हल नहीं होगी। लगातार भारी वाहनों और बारिश के कारण सड़क और खराब होती जा रही है। गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को खास दिक्कत होती है। ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी विभाग से बिशनिया सड़क का नवनिर्माण कराने और सेमली बक्ता मार्ग की भी मरम्मत कर अच्छी गुणवत्ता वाली सड़क बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क का स्थायी समाधान होने से ग्रामीणों को आने-जाने में राहत मिलेगी और हादसों का डर भी कम होगा।