भीलवाड़ा की गुलाबपुरा थाना पुलिस ने हाईटेंशन लाइन से 9 किलोमीटर लंबे तारों की चोरी के मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जिसमें से एक आरोपी को गाजियाबाद, एक को गुरुग्राम से पकड़ा है। साथ ही एक आरोपी को उसके दिल्ली में बने कबाड़ के गोदाम से पकड़ा गया है और गोदाम को भी सील कर दिया है। पुलिस ने बताया कि ये चोरी 28 सितंबर को सोनियाणा गांव के पास से हुई थी। पुलिस ने करोड़ों रुपए के तारों की चोरी के मामले में अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए वारदात में इस्तेमाल ट्रक को भी जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई से बिजली तार चोरी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। हाईटेंशन लाइन प्रोजेक्ट से चोरी हुए थे तार थाना प्रभारी संजय गुर्जर ने बताया- 28 सितंबर 2026 को सहायक प्रबंधक क प्रभु महतो पुत्र क्लोकी महतो ने पुलिस को रिपोर्ट दी कि गुलाबपुरा क्षेत्र में सोनियाणा गांव के पास टावर 70/0-71/0 के बीच करीब 4833 मीटर लाइन का कार्य चल रहा था। इसी दौरान टावर से संबंधित एलुमिनियम के तार और अन्य लोहे के सामान चोरी हो गए। ट्रक से खुला राज मामला दर्ज होने पर पुलिस टीम ने घटना स्थल और संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए करीब 1000 किलोमीटर तक का रूट ट्रेस किया। जांच के दौरान पुलिस को वारदात में काम में लिए ट्रक का सुराग मिला। जिसके बाद ट्रक ड्राइवर से पूछताछ की गई तो उसने तार चोरी के मामले में महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने चोरी किए गए तार को खरीदने वाले आरोपियों तक पहुंच बनाई और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दूसरे राज्यों से आकर वारदात को अंजाम देते थे जांच में सामने आया कि आरोपी दूसरे राज्यों से आकर बिजली परियोजनाओं और हाईटेंशन लाइनों को निशाना बनाते थे। रात के समय मौका देखकर तार काटकर ट्रक में भरते और उसे आगे बेच देते थे। पुलिस की तकनीकी जांच और लगातार पीछा करने के बाद गिरोह के सदस्य गिरफ्त में आए। कई अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना गुलाबपुरा पुलिस की इस कार्रवाई ने हाईटेंशन तार चोरी के बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस को गिरोह से जुड़ी कई और वारदातों के खुलासे की उम्मीद है। इनको किया गिरफ्तार पुलिस ने तार चोरी के मामले में साबिर हुसैन (42) पुत्र भिखारी हुसैन मंसूरी, निवासी गली नंबर 9, सूरत नगर फेस-2, गुड़गांव, हरियाणा, दिलशाद ( 44 ) पुत्र बच्चन, मंसूरी, निवासी आजाद कॉलोनी, गढ़े वाली मस्जिद के पास, थाना लोनी बॉर्डर, जिला गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश और माणिकचन्द ( 40 ) पुत्र बृजनन्दन, जाति गाढ़रिया, निवासी नगला भैंस, थाना दादाबाजार, जिला हाथरस, उत्तर प्रदेश। पुलिस टीम में ये थे शामिल कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी संजय गुर्जर, एएसआई महेन्द्र सिंह, कांस्टेबल सुभाषचन्द्र, अशोक मीणा, इन्द्रसिंह, हवासिंह, नटवर सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।