भीलवाड़ा नगर निगम के निर्दलीय पार्षद ने स्वागत कार्यक्रम में उनके साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज किए जाने का आरोप लगाया है। पार्षद ने मामा-भांजे पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए एसपी-कलेक्टर को ज्ञापन दिया है। साथ ही 3 दिन में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। वार्ड नंबर 69 के निर्दलीय पार्षद कमलेश सुवालका ने बताया-6 अक्टूबर (मंगलवार) दोपहर शारदा चौराहे पर एक हनुमान मंदिर में महापौर जसवंत कंवर वार्ड निरीक्षण के लिए पहुंचीं थीं। इस दौरान मैं और वार्डवासी उनका स्वागत कर रहे थे। इस दौरान जब मैंने भाजपा गणेश मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया तो अप्पू उर्फ सत्यनारायण प्रजापत ने मेरे हाथ से दुपट्टा छीन लिया और मेरे साथ धक्का-मुक्की की। इस दौरान सत्यनारायण के भांजे धीरज प्रजापत ने भी मेरे साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की की और धमकी दी। सुवालका ने कहा- उन लोगों ने मेरे स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने पर ऐतराज किया। महापौर पूरे शहर की हैं। मेरे वार्ड में निरीक्षण के दौरान उनका स्वागत करना जनप्रतिनिधि का अधिकार है। मेरे साथ हुई घटना से वार्डवासियों में आक्रोश है। एसपी-कलेक्टर को दिया ज्ञापन बुधवार को सुवालका के साथ अन्य पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। सुवालका ने कहा कि अगर तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन करेंगे। पार्षद से बदसलूकी करना गलत निर्दलीय पार्षद के समर्थन में आए वार्ड 10 के पार्षद प्रतिनिधि गजेंद्र सिंह ने कहा- घटना के बाद कमलेश सुवालका ने मुझे फोन किया। इसके बाद सभी पार्षद साथी कलेक्टर और एसपी से मिले तथा मामले से अवगत कराया। स्वागत के दौरान पार्षद के हाथ से दुपट्टा छीनना, गाली-गलौच और धक्का-मुक्की करना गलत है। इस तरह की घटनाओं से लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित होती है। पुलिस तत्काल कार्रवाई करे और आरोपियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा सहित उचित कानूनी कार्रवाई करे। इस दौरान निर्दलीय पार्षद बाबूलाल डूंगरवाल,ललिता सुवालका, शिवराज गुर्जर, गजेंद्र सिंह, गौरव टांक, नरेश जाट, राहुल सुवालका सहित अन्य पार्षद एवं पार्षद प्रतिनिधि मौजूद रहे।