भीलवाड़ा में लेपर्ड की मूवमेंट से दहशत, 3 दिन में 2 बाइक सवारों पर हमला; रविवार रात और सोमवार सुबह दिखे 2 लेपर्ड भीलवाड़ा के करेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र की चिताम्बा ग्राम पंचायत के बलीया खेड़ा में आवरा माता मंदिर के पास लेपर्ड की मूवमेंट से ग्रामीणों में दहशत है। रविवार रात और सोमवार सुबह दो लेपर्ड दिखाई दिए। पिछले तीन दिनों में लेपर्ड दो बाइक सवारों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग लेपर्ड को रेस्क्यू करने का प्रयास कर रहा है। ग्रामीणों ने लेपर्ड की मूवमेंट का वीडियो बनाकर वन विभाग को भी दिया है। गांव के प्रिंस सिंह रावणा ने बताया - आवरा माता मंदिर के पास स्थित बिड़े में लेपर्ड नजर आने के बाद से क्षेत्र में डर का माहौल है। नवरात्रि में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आवरा माता के दर्शन करने पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर के आसपास लेपर्ड की मौजूदगी से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। रविवार को बाइक सवार पर झपट्टा, हाथ-पैर में चोटें रविवार 18 अक्टूबर को लेपर्ड के हमले में चिताम्बा पंचायत के संजाड़ी निवासी रघु सालवी (55) घायल हो गए। वे बाइक से सरेड़ी से चिताम्बा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक लेपर्ड सड़क पर आ गया। रघु की बाइक उसके नजदीक पहुंची तो लेपर्ड ने उन पर झपट्टा मार दिया। हमले में उनके हाथ-पैर पर चोटें आईं। शुक्रवार को भी युवक पर किया था हमला इससे पहले शुक्रवार 16 अक्टूबर को भी लेपर्ड ने बाइक सवार नारायण लाल गुर्जर पर हमला किया था। वे चिताम्बा से करेड़ा की ओर जा रहे थे। आवरा माता मंदिर के पास सड़क किनारे घात लगाकर बैठे लेपर्ड ने चलती बाइक पर छलांग लगा दी। अचानक हुए हमले से नारायण लाल संभल नहीं पाए। उनके हाथ और पैर पर लेपर्ड के नाखूनों के निशान आए। इस घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की वन विभाग लेपर्ड को रेस्क्यू करने का प्रयास कर रहा है। विभाग ने ग्रामीणों से बिड़े और आसपास के सुनसान इलाकों में अकेले जाने से बचने की अपील की है। लेपर्ड दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने या उसका पीछा करने के बजाय वन विभाग को सूचना देने को कहा है।