भीलवाड़ा के शास्त्रीनगर इलाके में शनिवार देर रात निर्दलीय पूर्व पार्षद के घर में घुसकर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। सोलंकी टॉकीज के पीछे नीलकंठ कॉलोनी स्थित पूर्व पार्षद कैलाश चंद्र शर्मा के घर में करीब एक दर्जन लोग तलवार, सरिए और लाठियां लेकर घुस गए और उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए परिवार के सदस्यों और महिलाओं के साथ भी मारपीट और गाली-गलौज की गई। हमले में घायल पूर्व पार्षद को इलाज के लिए एमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। मामला शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। अचानक आए लोगों ने हमला किया पूर्व पार्षद ने बताया- मैं अपने कमरे मे सो रहा था, घर के बाहर कुछ लोगों के चिल्लाने की आवाज सुनकर मेरी नींद खुली, मैंने कमरे से बाहर आकर देखा तो मुझ पर किसी ने तलवार से हमला कर दिया, मेरी पत्नी और बेटे के साथ मारपीट की। बागमल गुर्जर, करण गुर्जर, दिनेश गुर्जर उसका पावना,कमलेश शर्मा, पूर्व पार्षद मुकेश शर्मा और बाजू बेरवा इनको मैं जानता भी नहीं हूं। कोई विवाद भी नहीं है। इन्होंने मेरे बच्चे को बंदूक लाकर उड़ाने की बोला, उनके हाथ में तलवार थी। मेरे सिर पर तलवार के लिए किया, मेरी पत्नी के को मारा।मेरे घर में घुसकर मेरे को हमला किया। हमलवारों की तलाश में जुटी पुलिस सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। कोतवाल हनुमान चौधरी ने बताया- पूर्व पार्षद पर हमला करने की सूचना मिली है, फिलहाल घायल पूर्व पार्षद का इलाज करवाया जा रहा है। हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। हमले की वजह और लगाए गए आरोपों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।