एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए माण्डल चौराहा से रायला की ओर आ रही रोडवेज बस से 17.980 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद किया। टीम ने मामले में पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाने के सामने नाकाबंदी कर बस रुकवाई भीलवाड़ा एएनटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि रोडवेज बस नंबर आरजे 14 पीई 5313 में दो संदिग्ध व्यक्ति सवार हैं, जिनके पास अवैध मादक पदार्थ हो सकता है। सूचना पर एएनटीएफ ने रायला पुलिस को जानकारी दी और संयुक्त रूप से थाने के सामने नाकाबंदी कराई। नाकाबंदी के दौरान भीलवाड़ा की ओर से झुंझुनूं डिपो की रोडवेज बस आती दिखाई दी। पुलिस ने बस को रुकवाकर तलाशी ली। बैग में मिला डोडा-चूरा, दोनों गिरफ्तार तलाशी के दौरान दो युवक पीठ पर बैग लटकाए नजर आए। पुलिस को देखकर दोनों घबरा गए। संदेह होने पर उनके बैग की तलाशी ली गई तो उनमें अवैध डोडा-चूरा मिला। पुलिस ने मौके से 17.980 किलोग्राम डोडा-चूरा जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पंजाब के दोनों तस्करों पर एनडीपीएस एक्ट में केस पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गगनदीप पुत्र धर्म सिंह, निवासी झंडाकल्ला, थाना शार्दूलगढ़, जिला मानसा (पंजाब) और स्वामी सिंह पुत्र शरण सिंह, निवासी झंडाकल्ला, थाना शार्दूलगढ़, जिला मानसा (पंजाब) के रूप में हुई है।