भीलवाड़ा शहर के पुर रोड स्थित प्रतापनगर स्कूल परिसर में प्राचीन धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। 4 महीने पहले भी यहां इसी तरह की घटना हुई थी। देवस्थान पर तोड़फोड़ की सूचना मिलने के बाद आज बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और दूसरी बार हुई इस घटना पर रोष जताते हुए पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़, लोगों में आक्रोश लोगों का आरोप है कि 4 महीने पहले भी आसामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ की थीं, लेकिन पुलिस प्रशासन के जरिए कोई कार्रवाई नहीं करने से आज एक बार फिर उसी घटना को दोहराकर शांति भंग करने की कोशिश की गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में समाज और विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित कई लोग घटना स्थल पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश की घटना की गंभीरता देखते हुए प्रतापनगर थाना प्रभारी सुनील ताड़ा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले को शांत कराने और मामला सुलझाने के लिए समझाइश के प्रयास शुरू किए। थाना प्रभारी ताड़ा ने बताया कि पुलिस ने टीम बनाकर मामले की जांच शुरू कर दी है, घटनास्थल पर स्थानीय पार्षद के सहयोग से सीसीटीवी केमरा लगवाएंगे। पुलिस के पास पिछली घटना का भी कोई सुराग नहीं दूसरी बार हुई घटना को लेकर लोगों मे रोष देखा गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस प्रशासन से दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों ने आरोप लगाए की पुलिस पहले लापरवाही नहीं करती तो यह घटना फिर से नहीं होती, अब तक पुलिस के पास आरोपियों का कोई सुराग नहीं है। एसपी और कलेक्टर को देंगे ज्ञापन विश्व हिन्दू परिषद के महानगर मंत्री सुशील सूवालका ने बताया- भाईचारे को खराब करने की घिनौनी कोशिशें बार-बार की जा रही हैं। पहले भी पुलिस प्रशासन से आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार करने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से इनके हौसले बुलन्द हो रहे हैं।