भीलवाड़ा में झोलाछाप के इंजेक्शन लगाने के बाद 21 साल के युवक की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत से गुस्साए परिजन और समाज के लोगों ने महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मोर्च्युरी के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर कर डिटेन कर लिया है और पूछताछ की जा रही है। मामला बडलियास थाना क्षेत्र का है। बुखार आने के बाद झोलाछाप को दिखाया शिवनाथ ने बताया कि बेटे सूरज नाथ (21) को सोमवार शाम हल्का बुखार आया था। उसे कस्बे में एक बंगाली के क्लीनिक पर लेकर गए। इंजेक्शन लगाने के बाद सूरज की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई। हालत नाजुक होने पर परिजन उसे भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार के एक सदस्य को नौकरी और मुआवजे की मांग मौत के बाद गुस्साए परिजन और रिश्तेदार आज महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्च्युरी के बाहर इकट्ठा हुए। झोलाछाप की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने और मुआवजा देने की मांग की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए बडलियास थाना पुलिस महात्मा गांधी अस्पताल पहुंची। थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया - झोलाछाप बंगाली को डिटेन कर लिया गया है और उससे थाने में पूछताछ की जा रही है। धरने पर बैठे लोगों से भी समझाइश की जा रही है। फिलहाल ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन जारी है।