भीलवाड़ा में बुधवार को सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प के साथ सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। विकसित भारत संकल्प सभा के तहत आयोजित यात्रा का शुभारंभ डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने अग्रवाल उत्सव भवन से मशाल ज्योति प्रज्ज्वलित कर किया। इससे पहले डिप्टी सीएम बैरवा, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने पीएम नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन सुना। ‘मोदी के विजन से देश की दिशा-दशा बदली’ यात्रा शुरू होने से पहले डिप्टी सीएम बैरवा ने कहा - ये 25 वर्ष जन सेवा से राष्ट्र सेवा, समर्पण और सुशासन के हैं। मोदी के विजन से देश की दिशा और दशा बदली है। इसी विजन के तहत भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प है। बैरवा ने कहा - पीएम मोदी के विजन को आगे बढ़ाने का काम सीएम भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में किया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के हर जिले और अंतिम छोर तक रहने वाले आमजन को मिल रहा है। योजनाओं की जानकारी देकर विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा डिप्टी सीएम ने कहा- सेवा ज्योति यात्रा का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार की विभिन्न सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है। इसके साथ ही अधिक से अधिक लोगों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है। मुख्य मार्गों से होते हुए गोल प्याऊ चौराहे पहुंची यात्रा सेवा ज्योति यात्रा अग्रवाल उत्सव भवन से शुरू हुई। यहां से महात्मा गांधी अस्पताल रोड, सेवा सदन, सूचना केन्द्र और बालाजी मार्केट होते हुए गोल प्याऊ चौराहे पहुंची। यात्रा के समापन पर गोल प्याऊ चौराहे पर मशाल स्थापित की गई। राष्ट्रगान, वंदे मातरम् और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए यात्रा के दौरान राष्ट्रगान, वंदे मातरम्, मशाल, देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न गतिविधियां हुईं। यात्रा के माध्यम से शहरी क्षेत्र के आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी गई। साथ ही सेवा, सुशासन और विकसित भारत का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि विष्णु चेचाणी, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, नगर निगम महापौर जसवंत कंवर, उप महापौर राधेश्याम सोमाणी सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में विद्यार्थी, महिलाएं और आमजन भी यात्रा में शामिल हुए। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का सम्मान कार्यक्रम के अंत में राज्य स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों का डिप्टी सीएम और अतिथियों ने मंच पर सम्मान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कुलदीप शर्मा, विशाल गुरुजी, गोपाल तेली, ललित अग्रवाल, अंकुर बोरदिया, सुरेंद्रसिंह मोटरास, मंजू चेचाणी, आरती कोगटा, ऋतुशेखर शर्मा और मुकेश सोनी ने सहयोग किया।