बीकानेर के महाजन-अरजनसर के पास से गुजर रही भारत माला हाईवे पर शनिवार की सुबह केमिकल से भरे टैंकर में आग लग गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन टैंकर पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि टैंकर से केमिकल निकालने की कोशिश में आग लग गई। हालांकि केमिकल को समय रहते एक्सप्रेस-वे से साइड ले जाया गया, जहां चार दमकलों ने मिलकर काबू पर पाया। भारत माला एक्सप्रेसवे पर लगा लंबा जाम सीओ रणवीर सिंह ने बताया- सुबह करीब 12 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि भारत माला पर टैंकर में आग लगी है। इसके बाद मौके पर पहुंचकर दमकल बुलाई गई। बीकानेर के अलावा सूरतगढ़ और पल्लू से भी दमकल बुलाई गई। चार दमकलों ने मिलकर आग पर दोपहर करीब 2 बजे के आसपास काबू पाया। तब तक टैंकर जलकर पूरी तरह राख हो गया। मौके पर लूणकरनसर एसडीएम, तहसीलदार सीओ और महाजन थानाधिकारी भी पहुंच गए। दोनों तरफ से रास्तों को बंद कर दिया गया। आग पर नियंत्रण के बाद ही रास्ते को खोला गया। दोनों तरफ करीब 200 मीटर तक वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई थी, जिससे भारत माला पर जाम भी लगा। बेंजीन केमिकल भरा होने की आशंका सीओ का कहना है कि प्रारंभिक जांच में टैंकर में केमिकल के परिवहन को लेकर जांच की जा रही है। पता कर रहे हैं कि टैंकर में भरा गया केमिकल कहां से लाया गया था और कहां जा रहा था? टैंकर ड्राइवर फिलहाल पुलिस की निगरानी में है। उससे पूछताछ की जा रही है। टैंकर में बेंजीन केमिकल भरे होने की संभावना है, जो एक महत्वपूर्ण कार्बनिक रासायनिक यौगिक है। यह एक रंगहीन और ज्वलनशील द्रव है। हालांकि फिलहाल जांच की जा रही है। वीडियो: गणेश रांकावत, अरजनसर