मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा के बेहतर परिणाम से साबित हुआ है कि राज्य सरकार काम कर रही है। उन्होंने आने वाले पंचायत चुनाव में भी भाजपा के अच्छे परिणाम का दावा किया। बीकानेर में राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को निकाय चुनाव के परिणाम पर चिंतन करने की सलाह दी। कांग्रेस पर साधा निशाना मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने परिणाम पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लॉन्चिंग में लगी है। सोनिया गांधी अपने बेटे को और अशोक गहलोत अपने बेटे को लॉन्च करने में लगे हैं। उन्होंने आरोपों को लेकर कहा कि यह स्थिति ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ जैसी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की जनता ने सरकार के कामों पर मुहर लगाई है। कांग्रेस को जनता के बजाय अपने कर्मों को दोष देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस सिर्फ दो राज्यों में है और आने वाले समय में वहां भी नहीं रहेगी। सेवा संकल्प कार्यक्रम में हुए शामिल मुख्यमंत्री गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे बीकानेर पहुंचे। इसके बाद वे राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय पहुंचे, जहां ‘सेवा संकल्प कार्यक्रम’ में शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद वे इसी मार्ग से वापस नाल जाएंगे और वहां से जयपुर के लिए रवाना होंगे। नाल एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए भाजपा नेता पहुंचे। जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। पीएम के लाइव कार्यक्रम से जुड़े मुख्यमंत्री सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में आयोजित ‘सेवा संकल्प कार्यक्रम’ में शामिल हुए। इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव कार्यक्रम से जुड़े। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में लाइव जुड़कर बीकानेर सहित देश के विभिन्न हिस्सों से वर्चुअल जुड़े कार्यकर्ताओं से संवाद किया। भाजपा नेता मनीष सोनी ने बताया कि मुख्यमंत्री के बीकानेर आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की गई थीं। भाजपा नेताओं से चर्चा और चुनावी तैयारियों पर मंथन इस दौरान मुख्यमंत्री शहर और देहात के भाजपा नेताओं से चर्चा करेंगे। स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की हार को लेकर भी चर्चा की गई। साथ ही पंचायत चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की गई।