जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज के न्यूयॉर्क पहुंचने पर राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (राना), न्यूयॉर्क के अध्यक्ष प्रेम भंडारी ने स्वागत किया। इस दौरान राना की कोषाध्यक्ष नीलम मोदी, सपना धारीवाल, एआईए की राष्ट्रीय अध्यक्ष नीलिमा मोदी और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं मौजूद रहे। स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज न्यूयॉर्क के मेडिसन स्क्वायर गार्डन में 29 अगस्त को आयोजित होने वाले ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ में भाग लेंगे, जहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत भी उपस्थित रहेंगे। न्यूयॉर्क पहुंचने पर स्वामी ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भारतीय भावना का उल्लेख करते हुए विश्व बंधुत्व, एकता और मानवता का संदेश दिया। नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने लापता लोगों और प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा- इस कठिन समय में नेपाल की सहायता के लिए भारतीय संस्थाओं और संगठनों को आगे आना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नेपाल के प्रति व्यक्त संवेदना और सहायता की पेशकश का भी उल्लेख किया। इस बीच राना न्यूयॉर्क, जयपुर फुट यूएसए और बृहद न्यूयॉर्क सीनियर्स के पास कई भारतीय-अमेरिकी परिवार अपने लापता परिजनों की जानकारी और सहायता के लिए पहुंचे हैं। इनमें पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौट रहे यात्रियों के परिजन भी शामिल हैं। प्रेम भंडारी बोले- यह त्रासदी ‘आसमान से आई सुनामी’ जैसी प्रेम भंडारी ने नेपाल की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा- यह त्रासदी ‘आसमान से आई सुनामी’ जैसी है। हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु कैलाश मानसरोवर यात्रा एवं इस क्षेत्र की यात्रा करते हैं। हम सभी प्रभावित लोगों की कुशलता तथा लापता लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। इस संकट के दौरान प्रेम भंडारी का व्यक्तिगत मोबाइल नंबर एक तरह से चौबीसों घंटे की हेल्पलाइन बन गया है। कई भारतीय-अमेरिकी परिवार अपने लापता प्रियजनों की जानकारी के लिए उनसे लगातार संपर्क कर रहे हैं। भंडारी न्यूयॉर्क में नेपाल के महावाणिज्यदूत दधिराम भंडारी के लगातार संपर्क में हैं। भारतीय-अमेरिकी परिवारों से प्राप्त लापता लोगों का विवरण उन्होंने महावाणिज्यदूत के साथ साझा किया है, जिसे आगे आवश्यक कार्रवाई के लिए नेपाल के विदेश मंत्रालय, काठमांडू तथा संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया गया है। हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध प्रेम भंडारी ने कहा- राना, जयपुर फुट यूएसए और बृहद न्यूयॉर्क सीनियर्स इस मानवीय संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं। जाति, धर्म अथवा राष्ट्रीयता से ऊपर उठकर हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध हैं। स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने भी प्रेम भंडारी के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी आपदा के समय मानवता और सेवा ही सर्वोपरि हैं तथा हम सभी को नेपाल और प्रभावित परिवारों के साथ एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए।