बीकानेर के नापासर थाना क्षेत्र के मूंडसर-सींथल मार्ग पर रविवार रात हुए हादसे में 31 साल के युवक की मौत हो गई। घायल को रात में ही पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान सीताराम पुत्र रामचन्द्र सूरत सिंहपुरा के रूप में हुई है। फिलहाल ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत कैसे हुई। उसे घायल अवस्था में सड़क पर देखा गया था। राहगीर ही उसे लेकर पीबीएम अस्पताल पहुंचे थे। उसकी बाइक सड़क किनारे टूटी हुई पड़ी थी। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। रास्ते में किसी ने संभाला नहीं, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस जांच में जुटी पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर की रात करीब 8:20 बजे सीताराम को बीकानेर ट्रॉमा सेंटर लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर एएसआई कविंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। वहां कोई व्यक्ति नहीं मिला, केवल एक बाइक पड़ी थी, जिसे सड़क से साइड में करवाया गया। इसके बाद पीबीएम चौकी से सूचना मिली कि सीताराम को ट्रॉमा सेंटर लाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। सोमवार सुबह तक उसकी पहचान हो सकी, जिसके बाद मृतक के परिजन नापासर थाने पहुंचे। इस दौरान हेड कांस्टेबल शक्ति सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। परिजनों के अनुसार, मृतक बाइक पर सवार था, लेकिन हादसा कैसे हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं है। नापासर पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच की जा रही है।