बीकानेर नगर निगम के नवनिर्वाचित बोर्ड की पहली साधारण बैठक आज (शुक्रवार) निगम के सभा हाल में होगी। पहली बैठक ही काफी हंगामेदार हो सकती है। विपक्ष के पार्षद मेयर को शहर की सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को लेकर घेरने का प्रयास करेंगे। वहीं इससे निपटने के लिए कांग्रेस पार्षदों के साथ मेयर एक बैठक कर चुके हैं, जिसमें शहर की समस्याओं पर चर्चा के साथ ही विपक्ष के विरोध से निपटने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। दोपहर 12 बजे शुरू होने वाली साधारण सभा मेयर अनिल कल्ला और डिप्टी मेयर पंकज गहलोत के लिए भी नया अनुभव होगा। दोनों ही पहली बार पार्षद बने थे और इसके बाद इस महत्वपूर्ण पद तक पहुंच गए। इन मुद्दों पर आमना-सामना होगा नगर निगम में सत्ता पक्ष को शहर की सफाई व्यवस्था के लिए घेरा जा सकता है। 2 अक्टूबर से एक फर्म को काम करने का ठेका दिया गया था, जिसने अब तक पर्याप्त संख्या में टीपर नहीं लगाए हैं। इससे घर घर कचरा संग्रहण नहीं हो रहा। ये कचरा शहर की सड़कों पर फैला हुआ है। लगभग सभी वार्डों में पिछले कुछ दिनों से कचरा उठना तो शुरू हुआ है लेकिन एक दिन बाद ही स्थिति जस की तस हो जाती है। रखेंगे कुछ नई योजनाएं उम्मीद की जा रही है कि मेयर अनिल कल्ला आज कुछ नई योजनाओं के साथ अपनी राजनीति की पहली बैठक में हिस्सा लेंगे। शहर के सौंदर्यकरण के साथ ही समस्याओं को निपटाने के लिए कुछ योजनाओं को लांच कर सकते हैं। इसमें घर-घर कचरा संग्रहण के साथ ही शहर में ट्यूरिस्ट प्वाइंट बनाने सहित अनेक मुद्दे शामिल हैं। दीपावली व अन्य त्यौहारों को देखते हुए शहर में लाइटिंग करने और सफाई के विशेष अभियान की शुरूआत की घोषणा भी हो सकती है। कांग्रेस पार्षदों के साथ बैठक महापौर कल्ला ने प्रथम साधारण सभा के एजेंडो के बारे पार्षदों से चर्चा की। इस बैठक में कल्ला ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाया है उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप हम सब लोगों को एकजुट होकर काम करना है। शहर के विकास एवं आगामी दीपावली त्यौहार को ध्यान में रखते हुए सफाई सीवरेज लाइट अग्निशमन आदि से संबंधित विषयों के संदर्भ में विचार विमर्श किया गया। बैठक में बीकानेर पश्चिम के पूर्व विधायक बी.डी. कल्ला भी उपस्थित रहे। कुछ पार्षद अनुपस्थित इस बैठक में कांग्रेस के सभी 42 पार्षद उपस्थित नहीं रहे। कुछ पार्षदों की अनुपस्थिति पर सवाल भी उठ रहे हैं। बैठक पार्टी स्तर पर आयोजित की गई थी, सभी पार्षदों को सूचना दी गई, इसके बाद भी कुछ पार्षदों के नहीं आने को मेयर ने गंभीरता से लिया है।