प्रदेश के 309 निकायों में टिकटों के बंटवारे को लेकर जयपुर में बीजेपी मुख्यालय में आज रक्षाबंधन के दिन भी रायशुमारी जारी रहेगी। अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग के निकायों को लेकर गुरुवार को मंथन होना तय था, लेकिन देरी और केंद्रीय मंत्री के नहीं पहुंचने पर बीकानेर संभाग की टिकटों को लेकर मंथन नहीं हो सका। वहीं अजमेर संभाग में देवली, टोंक और नागौर के निकायों की रायशुमारी के समय विवाद भी सामने आया। सीएम भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के सामने स्थानीय विधायक और जिलाध्यक्ष ने एक-दूसरे पर अपने चेहतों को टिकट देने का आरोप लगाया। इसके बाद दोनों की आपसी सहमति से टिकट फाइनल किए गए। आज बीकानेर संभाग के बाद पहले से प्रस्तावित कोटा और भरतपुर संभाग के टिकटों को लेकर मंथन होगा। अजमेर में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने वाले पूर्व मेयर धर्मेन्द्र गहलोत पत्नी हेमलता गहलोत को चुनाव लड़ाने की तैयारी में हैं। गहलोत ने पार्षद पद का नामांकन भरने के लिए फॉर्म लिया है। ओबीसी के लिए आरक्षित वार्ड संख्या चार से निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की है। वहीं भाजपा से बागी होकर एमएलए का चुनाव लड़ने वाले ज्ञान सारस्वत और उनकी बेटी हर्षिता ने निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए फॉर्म लिया है। सीकर में बगावत के डर के चलते कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों ने कोई भी सूची जारी नहीं की है। सूत्रों के अनुसार दोनों पार्टी शनिवार दोपहर या उसके बाद सूची जारी करेगी।