बीकानेर शहर में बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित रहेगी। न्यू मास्टर हैडवर्क्स पर स्थापित मोटर पंप की मरम्मत और अनुरक्षण का कार्य 30 सितंबर को किया जाएगा। इसके चलते न्यू मास्टर पंपिंग स्टेशन से जुड़े शहरी क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित होगी। जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र सिंह बैंस ने बताया- मोटर पंप की मरम्मत एवं अनुरक्षण का कार्य सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान पंपिंग स्टेशन से लाभान्वित शहर के अंदरूनी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित रहेगी। इन क्षेत्रों में प्रभावित होगी जलापूर्ति मरम्मत कार्य के चलते नया शहर जोन, मुरलीधर व्यास नगर, नत्थूसर जोन, लक्ष्मीनाथ जोन, सैटेलाइट जोन, गंगाशहर-भीनासर जोन, मुक्ता प्रसाद नगर, सर्वोदय बस्ती और रामपुरा बस्ती सहित संबंधित क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। विभाग के अनुसार, मोटर पंप की मरम्मत एवं अनुरक्षण का कार्य सुचारू पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया जा रहा है। कई क्षेत्रों में पहले ही परेशान बीकानेर के कई मोहल्लों में लोग पहले से परेशान है। शहर के अंत्योदय नगर एरिया में तो पिछले तीन महीने से पीने के पानी की आपूर्ति बहुत कम हो पा रही है। यहां हाल ही में बनी नई टंकी के आसपास के लोगों को भी पीने का पानी नहीं मिल रहा। नई लाइन डालने के उच्चाधिकारियों के आदेशों की भी पालना नहीं हो रही है। क्षेत्र के लोग अब आंदोलन की तैयारी में जुटे हैं।