वीर बीकाजी सोलंकी राजपूत संस्थान देसूरी की बैठक रविवार को अम्बे माता मंदिर प्रांगण स्थित वीर बीकाजी सोलंकी छतरी स्थल देसूरी में हुई। बैठक में पूर्व में आयोजित जयंती कार्यक्रम के आय-व्यय एवं बकाया हिसाब पर चर्चा की। बैठक में होने वाले जयंती कार्यक्रम की तिथि में संशोधन किया। पूर्व निर्धारित 5 नवंबर की तिथि बदलकर 11 नवंबर किया। तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। आजीवन सदस्यता बढ़ाने पर जोर : संस्थान की सदस्य संख्या बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई। बैठक में निर्णय लिया कि सोलंकी राजवंश के प्रत्येक गांव से अधिक से अधिक आजीवन सदस्य जोड़े जाएंगे। समाज के युवाओं एवं सक्रिय सदस्यों को जिम्मेदारी देकर सदस्यता अभियान को गति देने पर सहमति बनी। आर्थिक संबलन कोष का होगा गठन : बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय आर्थिक संबलन कोष के गठन को लेकर रहा। सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया । जन्मदिवस, गृह प्रवेश, शादी-ब्याह तथा अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में आर्थिक सहायता की व्यवस्था की जाएगी। न्यूनतम 1100 रुपए सहयोग का निर्णय लिया। कोष के कार्यक्षेत्र में पाली एवं राजसमंद जिले को शामिल किया। प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान : बैठक में निर्णय लिया कि आगामी जयंती एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले प्रतिभावान बालक-बालिकाओं एवं युवाओं को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं युवाओं को प्रोत्साहित करने के साथ समाज की एकता, संगठन एवं सामाजिक उत्थान का संदेश दिया जाएगा।