देश की प्रमुख पैकेज्ड वॉटर कंपनी 'बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड' बड़ी मुसीबत में फंसती नजर आ रही है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई (प्रोसिक्यूशन) शुरू करने की मंजूरी दे दी है। यह फैसला तब लिया गया जब कंपनी का पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का सैंपल जांच में 'असुरक्षित' पाया गया।
जांच में क्या सामने आया?
FSSAI के अनुसार, यह सैंपल बिसलेरी के परिसर से ही जांच के लिए लिया गया था। शुरुआती जांच में सैंपल में ब्रोमेट (Bromate) की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई, जिसके कारण इसे खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम (FSS Act), 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया था।
नियामक के फैसले को चुनौती देते हुए कंपनी ने अपील की थी, जिसके बाद सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। हालांकि, वहां की रिपोर्ट में भी स्थिति में कोई सुधार नहीं मिला। रेफरल लैब की जांच में भी पानी में 'पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स' (PAHs) पाए गए, जो सेहत के लिए हानिकारक हैं।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
लैब की रिपोर्ट के बाद यह साफ हो गया कि उत्पाद मानकों का उल्लंघन कर रहा था और इसे कानून के तहत 'असुरक्षित भोजन' की श्रेणी में रखा गया। FSSAI ने स्पष्ट किया है कि बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अब FSS Act, 2006 के प्रावधानों के तहत मुकदमा चलाया जाएगा।
बता दें कि इस साल FSSAI लगातार फूड बिजनेस ऑपरेटर्स और ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और गुणवत्ता मानकों को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही बरतने से बच रहा है।