देश के प्रमुख शहरों मुंबई, हैदराबाद और गुरुग्राम में शुक्रवार को इंडियन यूथ कांग्रेस ने मेटा के ऑफिसों के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट 19 नवंबर को सस्पेंड किए जाने के विरोध में किया गया। संगठन का आरोप है कि यह कार्रवाई भाजपा के इशारे पर की गई है।

मुंबई में FIR दर्ज, शीशे पर लिखे नारे

मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित वर्ल्ड वन बिल्डिंग में हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने शनिवार को कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जीना सबरीन, पवन मजेठिया, निखिल रुपारेल और जाफर समेत 15-20 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बिल्डिंग के शीशे पर 'RSS का बेटा मेटा' जैसे नारे लिखे और शीशे को नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 और सार्वजनिक संपत्ति विरूपण अधिनियम सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

हैदराबाद में दफ्तर के अंदर घुसे प्रदर्शनकारी

हैदराबाद में भी स्थिति तनावपूर्ण रही। तेलंगाना यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्किडी शिव चरण रेड्डी के नेतृत्व में कार्यकर्ता मेटा के ऑफिस में घुस गए। प्रदर्शनकारी दफ्तर के गलियारों और कैफेटेरिया तक पहुंच गए थे। पुलिस ने एहतियात के तौर पर 20-21 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, जिन्हें करीब तीन घंटे बाद रिहा कर दिया गया। यूथ कांग्रेस ने दावा किया है कि उनके प्रदर्शन के 15 मिनट बाद ही सस्पेंड किए गए दोनों अकाउंट बहाल कर दिए गए।

राजनीतिक बयानबाजी तेज

इस घटना पर भाजपा और बीआरएस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने यूथ कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि निजी कंपनियों के दफ्तरों में तोड़फोड़ कांग्रेस का पुराना मॉडल है। वहीं, बीआरएस नेता और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामा राव (KTR) ने हैदराबाद की घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे शहर की कारोबारी छवि और निवेशकों के भरोसे को गंभीर नुकसान पहुंचा है।