पंचायत चुनाव के पहले फेज के लिए बीजेपी 11 अक्टूबर को प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर सकती है। इसे लेकर प्रदेश बीजेपी कार्यालय में शनिवार से रायशुमारी शुरू होगी। तीन दिन चलने वाली इस रायशुमारी में बीजेपी पहले और दूसरे चरण के चुनावों के लिए प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा करके उन्हें फाइनल करेगी। बीजेपी के प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी ने बताया- हमने पंचायत चुनाव के लिए जिला प्रभारी, जिला परिषद और पंचायत समिति प्रभारी लगाए हैं। इन सभी की सलाह से जिला कोर कमेटी ने संभावित उम्मीदवारों के नामों का पैनल तैयार किया है। यह पैनल प्रदेश स्तर पर रायशुमारी के लिए रखा जाएगा। प्रदेश में सभी की राय से किसी एक नाम को सहमति बनाकर बीजेपी के अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा करेंगे। उन्होंने कहा- हमारी कोशिश है कि पहले चरण के लिए अधिकृत प्रत्याशियों के नामों की घोषणा रविवार को देर शाम तक कर दी जाए। बता दें कि पहले फेज में 16 जिलों में चुनाव होंगे। सिंगल पैनल नहीं होगा मान्य निकाय चुनाव में कई जगह से सिंगल नाम का पैनल भी प्रदेशस्तरीय रायशुमारी में पहुंचा था। वहीं जयपुर नगर निगम के चुनाव में विधायक भी सिंगल नाम का पैनल लेकर पहुंच गए थे। ऐसे में इस बार प्रदेश नेतृत्व ने कहा कि सिंगल नाम का पैनल किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रत्येक पैनल में 3 नाम होना जरूरी है। वहीं आवश्यकता पड़ने पर तीन से ज्यादा नाम भी पैनल में शामिल किए जा सकते हैं। पहले-दूसरे चरण के नाम होंगे फाइनल प्रदेश बीजेपी कार्यालय में चलने वाली रायशुमारी में पहले और दूसरे चरण के चुनाव को लेकर प्रत्याशियों के नाम फाइनल किए जाएंगे। पहले फेज में 16 जिलों में जिला परिषद सदस्यों और 104 पंचायत समितियों के सदस्यों के चुनाव होंगे। पहले फेज के नामांकन की अंतिम तारीख 13 अक्टूबर है। वहीं दूसरे फेज में 22 जिलों में जिला परिषद सदस्यों और 127 पंचायत समितियों के सदस्यों के चुनाव होंगे। दूसरे फेज के नामांकन की अंतिम तारीख 16 अक्टूबर है। ऐसे में रायशुमारी में पहले फेज के जिलों की चर्चा पहले और बाद में दूसरे फेज में आने वालें जिलों की चर्चा बाद में होगी।