विकसित भारत जनसेवा अभियान के तहत 17 अक्टूबर तक चल रही गतिविधियों में स्कूल और ब्लॉक स्तर पर हुई निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं में से सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों को जिला स्तर पर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तोपखाना में हुआ। मुख्य अतिथि सीडीईओ रामसिंह मीणा ने कार्यक्रम की शुरुआत की। विद्यार्थियों से विकसित भारत में नई पीढ़ी के योगदान का आह्वान किया। जिला संयोजक स्कूल की प्राचार्य पूनम रौतेला ने अतिथियों का स्वागत किया। अध्यक्षता कर रहे जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र गहलोत ने लक्ष्य पाने में कठिन परिश्रम की भूमिका बताई। एडीईओ पवन कुमार पाटीदार ने संस्कारयुक्त जीवन को भारत के विकसित भविष्य की नींव बताया। विद्यार्थियों से नैतिक उत्थान की अपील की। सहायक निदेशक शिव धाकड़ ने विकसित भारत अभियान के तहत निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में महात्मा गांधी राउमावि की प्राचार्य नंदिनी सोनी मौजूद रहीं। निबंध प्रतियोगिता में जिला स्तर पर राउमावि तोपखाना की डाली बाई को प्रथम, गाडरवाड़ा नूरजी की लक्ष्मी मीणा को द्वितीय, चौमहला की कृतिका झाला को तृतीय पुरस्कार मिला। चित्रकला प्रतियोगिता में महात्मा गांधी राउमावि झालरापाटन की नेहा सिसोदिया को प्रथम, चौमहला की शीतल मेहर को द्वितीय, घाटोद भवानीमंडी की अंतिमा और नाव्या को तृतीय पुरस्कार दिए गए। विजेताओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र दिए गए। प्रथम पुरस्कार 2100 रुपए, द्वितीय 1100 रुपए, तृतीय 500 रुपए विद्यार्थियों के खातों में भेजे जाएंगे। स्कूल के छात्र नवीन कुमार मेहर को राज्य स्तरीय वुशु प्रतियोगिता में झालावाड़ से भागीदारी करने पर सम्मानित किया गया। विद्यालय में जिले भर से श्रेष्ठ चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। संचालन रंजीता नामा ने किया। आयोजन में प्रथम सहायक रेखा मीणा, राजेंद्र गुप्ता, सितारा बेगम, हंसा कठैत, प्रतिभा शर्मा, रेनू गुप्ता, अंकिता राजावत, साक्षी शर्मा, जगदीश श्रृंगी, अजीत धाभाई, वैदेही द्विवेदी, आरती मीणा, गिर्राज कुमार, ज्योति कुमारी ने योगदान दिया।